यूपी में धर्म और SIR पर सियासी घमासान: कांग्रेस ने धीरेंद्र शास्त्री को घेरा, डिंपल बोलीं- भगवान के नाम पर चंदा जुटा रही BJP

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में धर्म और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और भाजपा के नेताओं ने एक-दूसरे पर निशाना साधा।

कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने कथावाचक धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री पर नफरत फैलाने का आरोप लगाया। वहीं, सपा सांसद डिंपल यादव ने भाजपा के धार्मिक नारों पर सवाल उठाए। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने अखिलेश यादव पर पलटवार किया।

धीरेंद्र शास्त्री पर कांग्रेस का हमला

कांग्रेस के यूपी प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने झांसी में धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को धर्म और मानवता विरोधी बताया।

उन्होंने आरोप लगाया कि शास्त्री समाज में नफरत फैलाने और हिंदुओं को आपस में लड़ाने का काम कर रहे हैं। गौतम ने कहा कि समाज में विभाजन पैदा करने वाले लोगों को नजरअंदाज किया जाना चाहिए।

डिंपल ने भाजपा के नारे पर उठाए सवाल

सपा सांसद डिंपल यादव ने मैनपुरी में भाजपा के ‘राधे-राधे, कमल खिला दे’ नारे पर तंज कसा।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा भगवान राम के नाम पर चंदा जुटाने के बाद अब मथुरा-वृंदावन में भगवान कृष्ण के नाम पर चंदा जुटाने की तैयारी कर रही है। डिंपल ने भाजपा पर धर्म के नाम पर वोट मांगने का आरोप भी लगाया।

SIR पर अखिलेश को भाजपा का जवाब

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने बस्ती में सपा प्रमुख अखिलेश यादव के सवालों का जवाब दिया। मतदाता सूची में 14 लाख 85 हजार वोट जुड़ने को लेकर उठाए गए सवालों पर उन्होंने अखिलेश को पढ़ने-लिखने की सलाह दी।

चौधरी ने कहा कि SIR पहली बार नहीं, बल्कि नौवीं बार हो रहा है। इसका उद्देश्य मतदाता सूची की गलतियों को सुधारना और उसे दुरुस्त करना है।

↑
Exit mobile version