रायपुर। राजधानी रायपुर के भाठागांव क्षेत्र में अवैध प्लाटिंग को लेकर राजनीतिक विवाद तेज हो गया है। कांग्रेस प्रवक्ता ब्रम्हा सोनकर ने पार्षद के भाई और महापौर के करीबी पर बड़े पैमाने पर अवैध प्लाटिंग करने का आरोप लगाया है। वहीं, भाठागांव के पार्षद रवि सोनकर ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे राजनीतिक साजिश बताया है।
कांग्रेस प्रवक्ता के मुताबिक “शंकरा बिहार” नाम से करीब 6 से 7 एकड़ जमीन पर अवैध कॉलोनी विकसित की जा रही है। यह प्लाटिंग “श्री गणेश ट्रेडर्स” के नाम से की जा रही है, जिसमें भारत भूषण सिंह ठाकुर और कौशल सोनकर की भूमिका बताई गई है। आरोप है कि बिना नगर निगम और टाउन एंड कंट्री प्लानिंग की अनुमति के प्लॉट काटकर बेचे जा रहे हैं, जिससे शासन को लाखों-करोड़ों रुपए के राजस्व का नुकसान हो रहा है।
कांग्रेस नेता ने बताया कि इस संबंध में दो महीने पहले ही नगर निगम और जिला प्रशासन को शिकायत दी गई थी। शिकायत में हल्का नंबर 105/60 के अंतर्गत आने वाले खसरा नंबर 940/1, 940/2, 940/4, 940/8, 940/9, 940/10, 941/1, 941/2, 941/3, 944/1 और 944/2 की जमीन पर अवैध प्लाटिंग का जिक्र किया गया था। उनका आरोप है कि निगम ने कार्रवाई तो की, लेकिन अधूरी रही। न तो जमीन का अधिग्रहण किया गया और न ही मौके पर अवैध प्लाटिंग का बोर्ड लगाया गया।
कांग्रेस प्रवक्ता ने यह भी आरोप लगाया कि पार्षद के दबाव में आधी-अधूरी कार्रवाई की गई, जिससे प्लाटिंग करने वालों को फायदा मिल रहा है और वे अब भी सोशल मीडिया के जरिए प्लॉट बेच रहे हैं। वहीं पार्षद रवि सोनकर ने कहा कि उन्हें क्षेत्र में हो रही गतिविधियों की जानकारी है और निगम द्वारा कार्रवाई की गई है। उन्होंने संरक्षण देने के आरोपों को पूरी तरह बेबुनियाद बताया। कौशल सोनकर के साथ रिश्ते के सवाल पर उन्होंने उसे “स्थानीय नागरिक” बताते हुए टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। फिलहाल मामला तूल पकड़ता जा रहा है और प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं।
