ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

दुर्ग में पुलिस की गुंडागर्दी: कॉन्स्टेबल ने भाजपा नेता के भाई को बंदूक की बट से पीटा; कॉलर पकड़कर धकेला, आरोपी लाइन अटैच

दुर्ग-भिलाई।: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में खाकी की धौंस दिखाने का एक शर्मनाक मामला सामने आया है।

पावर हाउस रेलवे स्टेशन के पास ड्यूटी पर तैनात दो कॉन्स्टेबलों ने भाजपा नेता के भाई के साथ न केवल बदसलूकी की, बल्कि बंदूक की बट से उसकी पिटाई भी कर दी। घटना का CCTV फुटेज वायरल होने के बाद दुर्ग पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी कॉन्स्टेबल राकेश चौधरी को लाइन अटैच कर दिया है।

क्या है पूरा मामला

यह घटना 12 मार्च की रात की है। राजनांदगांव के भाजपा किसान मोर्चा जिला उपाध्यक्ष आनंद साहू के छोटे भाई नागेश साहू अपने ढाबे के पुराने कर्मचारी से पैसों के लेनदेन के सिलसिले में भिलाई पहुंचे थे। वे स्टेशन के पास खड़े थे, तभी छावनी थाने के दो कॉन्स्टेबल लव पांडेय और राकेश चौधरी वहां पहुंचे।

पुलिसकर्मी वहां खड़े लोगों को खदेड़ रहे थे। जब नागेश वहां से नहीं हटा, तो कॉन्स्टेबल राकेश चौधरी ने अपनी बंदूक उल्टी की और उसके बट से नागेश पर हमला कर दिया। वीडियो में साफ दिख रहा है कि पुलिसकर्मी ने नागेश का कॉलर पकड़ा और उसे पीछे की ओर धकेला, जबकि वहीं खड़े अपने अन्य परिचितों से वह हाथ मिलाता नजर आया।

नशे में होने का आरोप, ड्यूटी पॉइंट छोड़ा

भाजपा नेता आनंद साहू का आरोप है कि पुलिसकर्मी नशे में थे और उनके शर्ट के बटन खुले हुए थे। उन्होंने कहा कि पुलिस सुरक्षा के लिए होती है, गुंडागर्दी के लिए नहीं।

जांच में पता चला है कि उस रात दोनों सिपाहियों की ड्यूटी पावर हाउस सराफा बाजार में थी, लेकिन वे अपना पॉइंट छोड़कर रेलवे स्टेशन पहुंच गए और वहां मौजूद लोगों को अनावश्यक रूप से परेशान करने लगे।

एक्शन में पुलिस विभाग

वायरल वीडियो और भाजपा नेता की शिकायत के बाद दुर्ग एसपी ने मामले को गंभीरता से लिया है। फिलहाल आरोपी कॉन्स्टेबल को लाइन अटैच कर विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर किस अधिकार से सिपाहियों ने अपना ड्यूटी पॉइंट छोड़ा और आम नागरिक पर बल प्रयोग किया।

Related Articles

Back to top button