छत्तीसगढ़ में आबकारी की सर्जिकल स्ट्राइक: 27 पेटी शराब जब्त, तस्कर सोनू सेन फरार

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ में आबकारी विभाग ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए डोंगरगढ़ क्षेत्र में छापेमारी की। इस दौरान 27 पेटी मध्यप्रदेश की शराब, बड़ी मात्रा में खाली बोतलें और सैकड़ों ढक्कन बरामद किए गए। हालांकि मुख्य आरोपी चंद्रकांत सेन उर्फ सोनू सेन मौके से फरार हो गया।
आबकारी विभाग को कातलवाही–पुलियाटोला के बीच स्थित एक मकान में अवैध शराब भंडारण की सूचना मिली थी। इसके आधार पर बिना सर्च वारंट के दबिश दी गई। जांच के दौरान मौके से 264 बोतल बॉम्बे व्हिस्की (750 एमएल), 250 पाव गोवा व्हिस्की (180 एमएल) जब्त की गई, जिसकी कुल मात्रा करीब 243 लीटर आंकी गई है। इसके अलावा 500 खाली बोतलें, 715 साबुत ढक्कन और 220 टूटे ढक्कन भी बरामद किए गए।
आबकारी सहायक आयुक्त अभिषेक तिवारी ने बताया कि कार्रवाई के दौरान आरोपी को मौके से भागते देखा गया। टीम ने उसे पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह खेतों का फायदा उठाकर फरार हो गया।
आरोपी सोनू सेन पहले भी शराब तस्करी के मामलों में शामिल रहा है। दिसंबर 2025 में उसे नकली होलोग्राम और स्टीकर के जरिए मध्यप्रदेश की शराब को छत्तीसगढ़ में खपाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। हाल ही में जमानत पर छूटने के बाद उसने फिर से अवैध कारोबार शुरू कर दिया था।
मामले में छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(2), 36 और 59(क) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। आबकारी विभाग आरोपी की तलाश में जुटा है और मकान मालिक से भी पूछताछ की जा रही है।
इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार सख्त अभियान जारी रहेगा।



