हुगली में PM मोदी की नाव यात्रा: नाविकों से मुलाकात, शाह का ममता सरकार पर तीखा हमला

दिल्ली। पश्चिम बंगाल चुनाव के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को हुगली नदि में नाव की सवारी कर सियासी माहौल को नया रंग दे दिया। इस दौरान पीएम ने न सिर्फ नदी के खूबसूरत नजारों का आनंद लिया, बल्कि नाविकों से बातचीत भी की। उन्होंने खुद कैमरा लेकर तस्वीरें भी खींचीं और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा कीं।
पीएम मोदी ने पोस्ट में लिखा कि गंगा हर बंगाली के दिल में बसती है और यह कहना गलत नहीं होगा कि गंगा बंगाल की आत्मा में बहती है। उन्होंने हुगली के किनारे समय बिताते हुए मां गंगा के प्रति आभार जताया और राज्य के विकास के संकल्प को दोहराया। नाव यात्रा के बाद उन्होंने स्थानीय लोगों से भी मुलाकात की।
इधर, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आरामबाग में चुनावी रैली के दौरान मुख्यमंत्री ममता बैनर्जी पर तीखा हमला बोला। शाह ने कहा कि अगर मतदान के दिन लोगों को परेशान किया गया, तो 5 तारीख के बाद “गुंडों को उल्टा लटकाकर सीधा किया जाएगा।” उनके इस बयान ने सियासी तापमान और बढ़ा दिया है।
वहीं, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी पलटवार करते हुए कहा कि वे अन्याय के खिलाफ लड़ाई जारी रखेंगी और बंगाल के बाद दिल्ली से भी भाजपा को हटाने का लक्ष्य रखेंगी।
इस बीच, चुनाव आयोग ने भी मतदान प्रक्रिया को और पारदर्शी बनाने के लिए नई गाइडलाइन जारी की है। कुल मिलाकर, बंगाल चुनाव में सियासी बयानबाजी, आरोप-प्रत्यारोप और हाई-प्रोफाइल गतिविधियों के चलते माहौल बेहद गरमाया हुआ है।





