राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को पीएम ने दी जन्मदिन की बधाई, सोशल मीडिया में लिखा उनका जीवन प्रेरणा स्रोत

दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उनकी जीवन यात्रा, नेतृत्व और राष्ट्र सेवा को प्रेरणास्पद बताया।

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर लिखा, “राष्ट्रपति जी को जन्मदिन की ढेरों शुभकामनाएं। उनका जीवन और नेतृत्व देश के करोड़ों लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। सार्वजनिक सेवा, सामाजिक न्याय और समावेशी विकास के प्रति उनकी निष्ठा सभी के लिए आशा और शक्ति का प्रतीक है।” प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि द्रौपदी मुर्मू ने सदैव गरीबों और वंचितों को सशक्त करने का कार्य किया है। उन्होंने ईश्वर से उनके दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना की।

द्रौपदी मुर्मू का जन्म 20 जून 1958 को ओडिशा के मयूरभंज जिले के उपरबेड़ा गांव में एक संथाली आदिवासी परिवार में हुआ था। कठिनाइयों से जूझते हुए उन्होंने शिक्षा प्राप्त की और अपने गांव की पहली कॉलेज स्नातक बनीं। राजनीति में उनका योगदान सराहनीय रहा है। वे झारखंड की पहली महिला राज्यपाल रहीं और 25 जुलाई 2022 को भारत की 15वीं राष्ट्रपति बनीं। उनके जीवन का उद्देश्य हमेशा समाज के वंचित वर्गों को मुख्यधारा से जोड़ना और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करना रहा है।

Exit mobile version