अफेयर खत्म करना चाहती थी महिला, जंगल में मिलने बुलाया; हत्या के बाद सबूत मिटाने के लिए शव के किए टुकड़े
बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में प्रेम संबंध के विवाद में हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। शादीशुदा महिला ने अपने पति के साथ मिलकर कथित बॉयफ्रेंड वसीम अंसारी (35) की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी।
इसके बाद पहचान और सबूत मिटाने के लिए शव के सिर और धड़ को अलग-अलग जगहों पर दफना दिया। पुलिस ने आरोपी पति-पत्नी सोनू खैरवार (30) और मनबासो खैरवार (25) को गिरफ्तार किया है। मामला पस्ता थाना क्षेत्र का है।
एक्टिवा से निकला था, वापस नहीं लौटा
पुलिस के मुताबिक कोदौरा गांव निवासी वसीम 2 अक्टूबर की शाम करीब 6 बजे एक्टिवा से घर से निकला था। देर रात तक वापस नहीं आने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। अगले दिन सुबह करीब 8 बजे उसकी एक्टिवा मक्का बाड़ी के पास मिली, लेकिन वसीम का कोई पता नहीं चला। इसके बाद 3 अक्टूबर को उसके भाई अमीम अंसारी ने डौरा चौकी में गुमशुदगी दर्ज कराई।
जांच के दौरान पुलिस को चिल्मा उबका जंगल में नाले के पास एक गड्ढे में कटा हुआ सिर दफन होने की जानकारी मिली। परिजनों से पहचान कराने पर सिर वसीम का निकला। इसके बाद पुलिस ने धड़ की तलाश शुरू की।
अफेयर खत्म करना चाहती थी महिला
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि मनबासो का शादी से पहले वसीम के साथ प्रेम संबंध था। पति सोनू को इसकी जानकारी थी, जिसके चलते दंपती के बीच विवाद होता था। पुलिस के अनुसार मनबासो यह संबंध खत्म करना चाहती थी, जबकि वसीम कथित तौर पर संबंध बनाए रखना चाहता था। इसके बाद दोनों ने उसकी हत्या की साजिश रची।
जंगल में बुलाकर कुल्हाड़ी से हमला
2 अक्टूबर की शाम करीब 7 बजे मनबासो ने फोन कर वसीम को जंगल के पास मिलने बुलाया। उसके पहुंचने पर महिला और सोनू ने उस पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हत्या के बाद दोनों ने शव के सिर और धड़ को अलग-अलग स्थानों पर छिपा दिया।
पुलिस को 5 अक्टूबर को झाड़ियों के पास गड्ढे में वसीम का सिर और करीब 200 मीटर दूर दूसरे गड्ढे में धड़ मिला। पुलिस ने आरोपी पति-पत्नी को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
