मुंबई। शादीशुदा जिंदगी, पुराने रिश्ते और गलतफहमियों के बीच फंसी कहानी को हल्के-फुल्के अंदाज में पेश करती है फिल्म ‘पति पत्नी और वो 2’। यह फिल्म रिश्तों की उलझनों को ‘कॉमेडी ऑफ एरर्स’ के अंदाज में दिखाते हुए दर्शकों को मनोरंजन का अच्छा डोज देती है।
फिल्म की कहानी प्रयागराज में रहने वाले फॉरेस्ट ऑफिसर प्रजापति पांडे के इर्द-गिर्द घूमती है। प्रजापति अपने काम में ईमानदार और जिम्मेदार अधिकारी हैं। उनकी पत्नी अपर्णा टीवी रिपोर्टर है, जबकि उनकी सहकर्मी नीलोफर उनकी अच्छी दोस्त भी है। कहानी में असली ट्विस्ट तब आता है, जब कॉलेज की पुरानी दोस्त चंचल अचानक उनकी जिंदगी में लौटती है।
चंचल की मदद करते-करते प्रजापति की शादीशुदा जिंदगी में गलतफहमियां शुरू हो जाती हैं। अपर्णा को प्रजापति और नीलोफर के बीच रिश्ते का शक होने लगता है, वहीं चंचल के प्रेमी को भी दोनों पर संदेह होता है। इसी उलझन और भ्रम के बीच फिल्म में कई मजेदार स्थितियां पैदा होती हैं, जो दर्शकों को हंसाने में सफल रहती हैं।
अभिनय की बात करें तो आयुष्मान खुराना ने अपने किरदार को सहजता से निभाया है। सारा अली खान और वामिका गब्बी भी अपने रोल में ठीक लगी हैं। हालांकि रकुल प्रीत सिंह अपनी कॉमिक टाइमिंग और स्क्रीन प्रेजेंस से सबसे ज्यादा प्रभावित करती हैं। आयशा रजा, तिग्मांशु धूलिया और विजय राज ने भी अपने संवाद और देसी अंदाज से फिल्म को मजेदार बनाया है।
निर्देशक मुदस्सर अजीज ने साधारण कहानी को कॉमिक अंदाज में पेश करने की कोशिश की है। हालांकि कुछ दृश्य लंबे लगते हैं और कई कॉमेडी पंच कमजोर पड़ते हैं, फिर भी फिल्म मनोरंजन बनाए रखती है। कुल मिलाकर, अगर आपको हल्की-फुल्की पारिवारिक कॉमेडी पसंद है, तो ‘पति पत्नी और वो 2’ एक बार देखी जा सकती है।
