एशिया के ताकतवर देशों में भारत तीसरे नंबर पर: पावर स्कोर बढ़कर 40.5 हुआ, चीन की ताकत भारत से 80% ज्यादा

दिल्ली। एशिया में भारत का दबदबा लगातार बढ़ रहा है। ऑस्ट्रेलिया के थिंक टैंक लोवी इंस्टीट्यूट की एशिया पावर इंडेक्स 2026 रिपोर्ट में भारत को तीसरा सबसे ताकतवर देश बताया गया है।

भारत का कुल पावर स्कोर बढ़कर 40.5 अंक हो गया है। इस सूची में अमेरिका पहले और चीन दूसरे स्थान पर है। रिपोर्ट में 27 देशों और क्षेत्रों का आकलन 131 संकेतकों के आधार पर किया गया है।

रिपोर्ट के मुताबिक, भारत के क्षेत्रीय प्रभाव में बढ़ोतरी की वजह कूटनीतिक स्थिति, रक्षा सहयोग, सांस्कृतिक पहुंच और भविष्य के संसाधनों में सुधार है।

हालांकि, भारत की आर्थिक क्षमता का स्कोर घटकर 26.4 अंक रह गया। इसके बावजूद इस श्रेणी में भारत तीसरे स्थान पर बना हुआ है। कमजोर रुपए, IMF की बदली गणना पद्धति और विदेशों में निवेश में करीब 20 अरब डॉलर की कमी को इसकी वजह बताया गया है।

कूटनीतिक प्रभाव में भारत मजबूत

भारत को कूटनीतिक प्रभाव के मामले में 70.3 अंक मिले हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी क्षेत्रीय नेतृत्व के आकलन में तीन स्थान ऊपर पहुंचे हैं। रिपोर्ट में उन्हें चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बाद एशिया का दूसरा सबसे प्रभावी क्षेत्रीय नेता बताया गया है।

आर्थिक रिश्तों के मामले में भी भारत दो स्थान ऊपर चढ़कर सातवें नंबर पर पहुंचा है।

रक्षा और सांस्कृतिक ताकत बढ़ी

भारत का रक्षा नेटवर्क स्कोर बढ़कर 18.6 और सांस्कृतिक प्रभाव का स्कोर 43.8 अंक हो गया। दक्षिण-पूर्व एशिया में रक्षा सहयोग और ब्रह्मोस मिसाइलों की बिक्री से रक्षा क्षेत्र को मजबूती मिली।

भविष्य के संसाधनों में भारत का स्कोर 56.2 अंक रहा। हालांकि, चीन की कुल शक्ति अब भी भारत से करीब 80% ज्यादा है। रिपोर्ट के मुताबिक, भारत के प्रभाव में सुधार हुआ है, लेकिन दोनों देशों के बीच शक्ति का अंतर बरकरार है।

↑
Exit mobile version