फिल्म सास, बहू और फ्लेमिंगो के तर्ज पर अफीम की खेती, महिला तस्कर गिरफ्तार

पुणे।  महाराष्ट्र के पुणे जिले में एक महिला को अवैध अफीम की खेती करते हुए गिरफ्तार किया गया है। यह घटना आलंदी म्हातोबा गांव की है, जहां पुलिस को सूचना मिली थी कि एक महिला बिना किसी सरकारी अनुमति के अफीम के पौधे उगा रही है। सूचना मिलने पर लोनी कालभोर पुलिस ने मौके पर छापा मारा और 66 अफीम के पौधे जब्त किए।

पुलिस ने बताया कि महिला की उम्र 45 साल है और वह आलंदी म्हातोबा की रहने वाली है। महिला के खिलाफ नशीले पदार्थों की अवैध खेती का मामला दर्ज किया गया है। यह इलाका पहले भी अफीम की खेती से जुड़ी दो घटनाओं का गवाह रह चुका है।

अफीम की खेती के लिए लाइसेंस जरूरी
भारत में अफीम की खेती करना अवैध नहीं है, लेकिन इसके लिए सरकार से लाइसेंस लेना जरूरी होता है। बिना लाइसेंस इसकी खेती करना कानूनी अपराध माना जाता है, और इसके लिए कड़ी सजा का प्रावधान है।

पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि महिला को अफीम के बीज और अन्य सामग्री कहां से मिली। पुणे पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अगर उन्हें किसी भी जगह अवैध अफीम की खेती की जानकारी मिले, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।

Exit mobile version