दिग्विजय स्टेडियम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और डिप्टी CM अरुण साव ने किया शुभारंभ; खेल अधोसंरचना बढ़ाने और 100 करोड़ के खेल उत्कर्ष मिशन की जानकारी दी
राजनांदगांव। शहर के दिग्विजय स्टेडियम में रविवार को 25वीं छत्तीसगढ़ स्टेट जूनियर रैंकिंग बैडमिंटन टूर्नामेंट 2026-27 का भव्य शुभारंभ हुआ। जिला बैडमिंटन एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का उद्घाटन विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने किया। प्रतियोगिता 9 से 13 अगस्त तक चलेगी। इसमें प्रदेशभर से अंडर-19 बालक और बालिका वर्ग के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।
खेल नगरी के रूप में विकसित हो रहा राजनांदगांव
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि राजनांदगांव में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि शहर में हॉकी, फुटबॉल, क्रिकेट, बास्केटबॉल, बैडमिंटन, जूडो, कराटे और कुश्ती जैसे खेलों की प्रतिभाएं मौजूद हैं।
उन्होंने बताया कि राजनांदगांव को खेल नगरी के रूप में विकसित करने के लिए खेल अधोसंरचना, कोर्ट, प्रशिक्षण सुविधाओं और आधुनिक संसाधनों को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने खिलाड़ियों से अनुशासन और मेहनत के साथ आगे बढ़ने की अपील की।
खेल उत्कर्ष मिशन के लिए 100 करोड़
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने राजनांदगांव को संस्कारधानी के साथ खेलों की राजधानी बताया। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय भारोत्तोलक ज्ञानेश्वरी यादव का उदाहरण देते हुए कहा कि जिले में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। राज्य सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए लगातार काम कर रही है।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष 156 खिलाड़ियों को उत्कृष्ट खिलाड़ी घोषित किया गया है। वहीं मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन के तहत 100 करोड़ रुपए का बजट प्रावधान किया गया है। उन्होंने बैडमिंटन एसोसिएशन की ओर से अधोसंरचना से जुड़े प्रस्ताव पर बजट उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया।
खिलाड़ियों को किया प्रोत्साहित
सांसद संतोष पाण्डेय ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए दिग्विजय स्टेडियम परिसर के संसाधनों का बेहतर उपयोग करने और खेल सुविधाओं को और मजबूत बनाने पर जोर दिया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ बैडमिंटन संघ के अध्यक्ष विक्रम सिंह सिसोदिया, राजगामी संपदा न्यास अध्यक्ष पूर्णिमा साहू, जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कोच और बड़ी संख्या में खिलाड़ी मौजूद रहे।
