महाराष्ट्र में ‘ऑपरेशन टाइगर’ सफल! उद्धव ठाकरे को बड़ा झटका, 6 बागी सांसद आज शिंदे गुट में होंगे शामिल

मुंबई। महाराष्ट्र की राजनीति में सोमवार को बड़ा उलटफेर देखने को मिल सकता है।
शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे को बड़ा झटका देते हुए उनके छह बागी लोकसभा सांसदों के मुख्यमंत्री समर्थित एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल होने की तैयारी है। सूत्रों के अनुसार सभी छह सांसद सोमवार दोपहर 3 बजे औपचारिक रूप से शिंदे गुट का दामन थाम सकते हैं।
इन सांसदों के शामिल होने से बागी गुट को दलबदल विरोधी कानून के तहत आवश्यक दो-तिहाई समर्थन मिलने का दावा भी मजबूत होगा।
रविवार को हिंगोली के सांसद नागेश पाटिल आष्टीकर और धराशिव के सांसद ओमराजे निंबालकर ने सार्वजनिक रूप से शिंदे गुट में जाने की पुष्टि कर दी थी, जिसके बाद राजनीतिक हलचल और तेज हो गई।
इस घटनाक्रम को महाराष्ट्र की राजनीति में लंबे समय से चर्चित ‘ऑपरेशन टाइगर’ से जोड़कर देखा जा रहा है। राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी इस अभियान को सफल बताते हुए कहा कि संगठन की स्थिति मजबूत है और किसी को चिंता करने की जरूरत नहीं है।
वहीं, एकनाथ शिंदे ने भी संकेतों में बड़ा बयान देते हुए कहा कि वह कभी अधूरा ऑपरेशन नहीं करते। उन्होंने कहा कि जब भी किसी अभियान की शुरुआत करते हैं, तो उसे पूरा करके ही दम लेते हैं। उनके इस बयान को शिवसेना (यूबीटी) में संभावित टूट से जोड़कर देखा जा रहा है।
दूसरी ओर, बढ़ते राजनीतिक संकट के बीच उद्धव ठाकरे ने भी मोर्चा संभाल लिया है। शिवसेना (यूबीटी) ने सोमवार दोपहर 2:30 बजे नरीमन पॉइंट स्थित पार्टी कार्यालय ‘शिवालय’ में अपने सभी विधायकों और विधान परिषद सदस्यों की बैठक बुलाई है।
माना जा रहा है कि यह बैठक पार्टी को एकजुट रखने और आगे की रणनीति तय करने के लिए अहम होगी। महाराष्ट्र की राजनीति में यह घटनाक्रम आगामी दिनों में सत्ता और विपक्ष दोनों के समीकरणों पर बड़ा असर डाल सकता है।



