रायपुर। छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति और यादव समाज की परंपराओं से जुड़े मातर तिहार के अवसर पर स्कूल शिक्षा, ग्रामोद्योग एवं विधि-विधायी कार्य मंत्री गजेन्द्र यादव ने विधि-विधान से गौमाता की पूजा-अर्चना की। उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। इस दौरान समाज के लोगों की मौजूदगी में मंत्री ने पारंपरिक दोहे गाए और गौमाता को सोहाई बांधकर पूजा की रस्म निभाई।
इस अवसर पर मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि मातर तिहार छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति, आस्था और परंपराओं से जुड़ा विशेष पर्व है। यह त्योहार हमें अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने के साथ सामाजिक एकजुटता और गौवंश के प्रति सम्मान एवं सेवा का संदेश देता है।
उन्होंने कहा कि यादव समाज में गौपालन और गौसेवा की परंपरा पीढ़ियों से चली आ रही है। गौमाता ग्रामीण अर्थव्यवस्था, कृषि संस्कृति और जनजीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। उनकी सेवा और संरक्षण हमारी सांस्कृतिक विरासत का अभिन्न अंग है।
मंत्री ने कहा कि मातर तिहार केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं है, बल्कि पूर्वजों की परंपराओं को याद करने और गौवंश के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का पर्व भी है। इस दिन पारंपरिक दोहे गाकर सोहाई बांधना और सामूहिक रूप से गौपूजन करना लोकसंस्कृति की जीवंत परंपरा को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की सरकार प्रदेश की लोकसंस्कृति, पारंपरिक पर्वों और गौवंश के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए प्रतिबद्ध है। नई पीढ़ी को भी ऐसे आयोजनों से जोड़ना जरूरी है, ताकि आने वाली पीढ़ियां अपनी संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक मूल्यों को समझें और उन्हें आगे बढ़ाएं।
