कमल विहार में युवक की हत्या, गुमशुदगी की रिपोर्ट के कुछ घंटे बाद मिला शव

गला दबाकर हत्या की आशंका; सेक्टर-13 में शव मिलने से मचा हड़कंप, FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य

रायपुर। रायपुर के कमल विहार (कौशल्या माता विहार) में बुधवार को एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है। सेक्टर-13 में युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान निरंजन पाल के रूप में हुई है।

शुरुआती जानकारी के मुताबिक, युवक की गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका है। खास बात यह है कि शव मिलने से कुछ घंटे पहले ही परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट तेलीबांधा थाने में दर्ज कराई थी।

गुमशुदगी की रिपोर्ट के बाद तलाश में जुटी थी पुलिस

जानकारी के अनुसार, निरंजन पाल के लापता होने पर परिजन बुधवार को तेलीबांधा थाने पहुंचे थे। उन्होंने युवक की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। इसी बीच कमल विहार के सेक्टर-13 में उसका शव मिलने की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

FSL टीम ने भी मौके से जुटाए साक्ष्य

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के आला अधिकारी और फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने मौके का मुआयना कर जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस हत्या के कारणों और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। युवक की हत्या किसने और किन परिस्थितियों में की, इसका पता लगाने के लिए जांच जारी है। पुलिस परिजनों से भी जानकारी जुटा रही है। मामले में अभी किसी आरोपी की गिरफ्तारी या हत्या की वजह की पुष्टि नहीं हुई है।

↑
Exit mobile version