पुरानी रंजिश में युवक की हत्या, 2 नाबालिग समेत 10 गिरफ्तार; घर से बुलाकर किया हमला

दुर्ग। दुर्ग के राजीव नगर इलाके में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोपियों ने धारदार हथियार से हमला कर चंदू प्रसाद देवांगन की हत्या कर दी।

घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 2 नाबालिग समेत 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वारदात 9 नवंबर की रात सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में हुई।

विवाद के बाद साथियों को बुलाकर किया हमला

पुलिस के मुताबिक, मृतक चंदू प्रसाद देवांगन की गया नगर क्षेत्र के कुछ युवकों से पुरानी रंजिश थी। इसी बात को लेकर 9 नवंबर की रात दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर दूसरे पक्ष के युवकों ने अपने अन्य साथियों को मौके पर बुला लिया।

इसके बाद सभी ने एकजुट होकर चंदू पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

परिजन और आसपास के लोग उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने समारू राम देवांगन की रिपोर्ट पर केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।

9 नामजद आरोपी और 2 नाबालिग गिरफ्तार

एएसपी शोभराज अग्रवाल के मुताबिक, पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पंकज ठाकुर, निखिल ठाकुर, खूबलाल ठाकुर, संगीता ठाकुर, पुष्पा ठाकुर, योगिता ठाकुर, संदीप ठाकुर और सत्या साहू समेत आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपियों में दो अपचारी बालक भी शामिल हैं। सभी राजीव नगर वार्ड क्रमांक-4 के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 61(2), 191(1), 191(2) और 331(8) के तहत अपराध दर्ज किया है। सभी आरोपियों के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

↑
Exit mobile version