सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां 18 साल की नवविवाहिता ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के केपी गांव की है, जहां शादी के महज ढाई महीने बाद ही खुशियां मातम में बदल गईं।
जानकारी के अनुसार, 19 वर्षीय मुकेश गिरी की शादी करीब ढाई महीने पहले उदयपुर ब्लॉक के ग्राम पूटा निवासी पूजा गिरी (18) से हुई थी। रविवार शाम पूजा ने पति को फोन कर घर बुलाया और तबीयत खराब होने की बात कही। पति के घर पहुंचने पर उसने सामान्य व्यवहार किया, उसे गले लगाया, लेकिन कुछ ही देर बाद अचानक कमरे में जाकर खुद को अंदर से बंद कर लिया।
छप्पर तोड़कर अंदर पहुंचे परिजन
जब काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला तो परिजन घबरा गए। उन्होंने छप्पर पर चढ़कर उसे तोड़ा और किसी तरह कमरे में प्रवेश किया। अंदर का दृश्य देखकर सभी सन्न रह गए। पूजा साड़ी के फंदे से लटकी हुई थी। उसे तुरंत नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
छोटी-छोटी बातों पर हो जाती थी नाराज
पुलिस पूछताछ में पति ने बताया कि वह शाम को डांस सीखने गया था। इसी दौरान पूजा ने फोन कर तबीयत खराब होने की जानकारी दी और दवा लाने को कहा। घर पहुंचने पर वह उल्टी कर रही थी। पति के मुताबिक, पूजा अक्सर छोटी-छोटी बातों पर नाराज हो जाती थी।
मामले की जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। सोमवार को न्यायिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। फिलहाल मायके पक्ष की ओर से कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
