युवाओं के लिए ई-व्हीकल में करियर का नया रास्ता, जीजामगांव ITI में पहली बार शुरू हुआ ट्रेड

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में युवाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़कर रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है।

नवीन शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई) जीजामगांव में सत्र 2026-27 से पहली बार मैकेनिक इलेक्ट्रिक व्हीकल ट्रेड का प्रथम बैच शुरू किया गया है। यह संस्था का भी पहला प्रशिक्षण सत्र है।

इलेक्ट्रिक वाहनों के बढ़ते उपयोग और ऑटोमोबाइल क्षेत्र में तेजी से हो रहे तकनीकी बदलावों को देखते हुए यह ट्रेड युवाओं के लिए बेहतर करियर विकल्प साबित होगा।

मैकेनिक इलेक्ट्रिक व्हीकल दो वर्षीय पाठ्यक्रम है। इसमें प्रशिक्षणार्थियों को इलेक्ट्रिक वाहन तकनीक के साथ बैटरी मैनेजमेंट सिस्टम (BMS), मोटर कंट्रोल, चार्जिंग सिस्टम, वाहन सर्विसिंग और फॉल्ट डायग्नोसिस जैसी आधुनिक तकनीकों का व्यावहारिक एवं उद्योग आधारित प्रशिक्षण दिया जाएगा।

वर्तमान में यह ट्रेड छत्तीसगढ़ के चुनिंदा पांच शासकीय आईटीआई में संचालित है। ऐसे में जीजामगांव में इसकी शुरुआत जिले के लिए बड़ी उपलब्धि है।

ई-व्हीकल के बढ़ते चलन के साथ अधिकृत सर्विस सेंटर, वाहन निर्माण कंपनियों, चार्जिंग स्टेशन और बैटरी सेवा इकाइयों में प्रशिक्षित तकनीशियनों की मांग बढ़ने की संभावना है। प्रशिक्षित युवा अपना सर्विस सेंटर या तकनीकी सेवा शुरू कर स्वरोजगार भी स्थापित कर सकेंगे।

जीजामगांव क्षेत्र में फॉरेस्ट पार्क, फूड पार्क सहित विभिन्न विकास गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है। नवीन आईटीआई के लिए चिह्नित भूमि का निरीक्षण कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने किया है। जिला धमतरी की नोडल संस्था शासकीय आईटीआई कुरूद के प्राचार्य श्री योगेश देवांगन ने युवाओं और अभिभावकों से नए ट्रेड में प्रवेश लेने की अपील की है।

आईटीआई में ऑनलाइन पंजीयन और चॉइस फिलिंग शुरू हो चुकी है। इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित तिथि तक आवेदन कर सकते हैं। प्रवेश मेरिट के आधार पर होगा। यह पहल जिले के युवाओं को भविष्य की तकनीक से जोड़कर रोजगार के नए रास्ते खोलने में महत्वपूर्ण साबित होगी।

Exit mobile version