नई दिल्ली। कांग्रेस के एक कार्यक्रम में इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी को लेकर की गई टिप्पणी अब सियासी विवाद में बदल गई है। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित के बीच मंच पर हुई बातचीत को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। भाजपा ने इसे महिलाओं के प्रति अपमानजनक और गैर-जिम्मेदाराना टिप्पणी बताया है।
यह विवाद दिल्ली के मालवंकर हॉल में आयोजित रचनात्मक कांग्रेस के सम्मेलन के दौरान शुरू हुआ। कार्यक्रम में राहुल गांधी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश नीति की आलोचना कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का काम व्यक्तिगत दोस्ती निभाना नहीं, बल्कि देश के हितों की रक्षा करना है।
अपने संबोधन के दौरान राहुल गांधी ने मंच पर मौजूद कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित को गले लगाते हुए प्रधानमंत्री मोदी की विदेश नीति पर तंज कसा। इसी बीच संदीप दीक्षित ने इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी का जिक्र किया। इसके बाद कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया और भाजपा ने इस पर कड़ी आपत्ति जताई।
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने सोशल मीडिया पर लिखा कि किसी मित्र देश की महिला प्रधानमंत्री के बारे में इस तरह की टिप्पणी करना राजनीतिक शालीनता के खिलाफ है। उन्होंने इसे महिलाओं के प्रति अपमानजनक बताते हुए कांग्रेस की आलोचना की।
भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष वानति श्रीनिवासन ने भी कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राजनीतिक विरोध के नाम पर किसी महिला नेता का मजाक उड़ाना उचित नहीं है। वहीं भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने राहुल गांधी की टिप्पणी को गरिमाहीन बताया।
दूसरी ओर, कांग्रेस प्रवक्ता शमा मोहम्मद ने भाजपा के आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि भाजपा को महिलाओं के सम्मान की बात करने से पहले अपने नेताओं के पुराने बयानों और फैसलों पर भी ध्यान देना चाहिए।
इस पूरे विवाद पर सोशल मीडिया भी दो हिस्सों में बंटा नजर आया। कई राजनीतिक विश्लेषकों और वरिष्ठ पत्रकारों ने संदीप दीक्षित की टिप्पणी को अनुचित बताया। वहीं कुछ लोगों ने भाजपा पर दोहरा मापदंड अपनाने का आरोप लगाया।
फिलहाल, यह मामला राजनीतिक बयानबाजी से आगे बढ़कर महिलाओं के सम्मान और राजनीतिक मर्यादा की बहस का विषय बन गया है।
