नौतपा की शुरुआत, देशभर में बढ़ेगी गर्मी: MP-UP के 8 शहरों में पारा 45°C पार, महाराष्ट्र का ब्रह्मपुरी सबसे गर्म

दिल्ली। देशभर में आज से नौतपा की शुरुआत हो गई है। इसके साथ ही अगले 9 दिनों तक भीषण गर्मी और हीटवेव का असर और तेज होने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर और मध्य भारत के कई राज्यों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना रह सकता है। महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में लू का अलर्ट जारी किया गया है।

रविवार को महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र का ब्रह्मपुरी देश का सबसे गर्म शहर रिकॉर्ड किया गया, जहां अधिकतम तापमान 47.2°C दर्ज हुआ। यह सामान्य से करीब 4.6 डिग्री ज्यादा है।

वहीं उत्तर प्रदेश के बांदा में पारा 46.8°C पहुंच गया। प्रयागराज, उरई और झांसी में भी तापमान 45°C के पार दर्ज किया गया।

मध्य प्रदेश में नौगांव और खजुराहो सबसे गर्म रहे, जहां तापमान 45.8°C रिकॉर्ड हुआ। मौसम विभाग का अनुमान है कि 29 मई के बाद मौसम में बदलाव आ सकता है और कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना बन सकती है।

छत्तीसगढ़ में भी गर्मी का असर लगातार बढ़ रहा है। कई जिलों में हीटवेव जैसे हालात बने हुए हैं। पाली इलाके में अधिकतम तापमान 43°C पहुंच गया, जहां गर्मी की वजह से तालाब किनारे बड़ी संख्या में चमगादड़ों की मौत हो गई।

मौसम विभाग ने 26 और 27 मई को दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ में हीटवेव चलने की चेतावनी जारी की है। वहीं बिहार, असम, मेघालय, केरल और पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश और तेज आंधी की संभावना जताई गई है।

डॉक्टरों ने लोगों को दोपहर में बाहर निकलने से बचने, ज्यादा पानी पीने और धूप से बचाव करने की सलाह दी है। बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है।

Exit mobile version