देशभर में मानसून का कहर, यूपी के 69 जिलों में अलर्ट; असम में बाढ़ से 41 मौतें

दिल्ली। देशभर में मानसून पूरी तरह सक्रिय है। मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, गुजरात, असम और हिमाचल प्रदेश समेत कई राज्यों में लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले 24 घंटे के लिए कई राज्यों में भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

मध्य प्रदेश में तीन मजबूत मानसूनी सिस्टम सक्रिय होने के कारण पिछले 60 घंटे से लगातार बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने प्रदेश के 17 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। लगातार वर्षा के चलते कई नदियां और बांध उफान पर हैं। उमरिया में संजय गांधी ताप बिजली केंद्र से पानी छोड़ा जा रहा है।

उत्तर प्रदेश में गुरुवार को 69 जिलों में बारिश का अलर्ट है, जिनमें 18 जिलों के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। पिछले 10 दिनों से हो रही बारिश के कारण नदियां खतरे के निशान के करीब पहुंच गई हैं। कई गांवों में बाढ़ का पानी घुस गया है, जबकि कानपुर देहात में नहर में पहुंचे मगरमच्छ का वन विभाग ने रेस्क्यू किया।

पूर्वोत्तर में असम बाढ़ की सबसे गंभीर मार झेल रहा है। पिछले 24 घंटे में बाढ़ से 10 लोगों की मौत हो गई, जिसके बाद इस वर्ष मरने वालों की संख्या 41 पहुंच गई है। राज्य के 11 जिलों में 6.53 लाख से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित हैं।

जम्मू-कश्मीर के बांदीपोरा जिले में तेज बहाव वाले नाले में बह जाने से मां-बेटे की मौत हो गई। दोनों जलावन की लकड़ी लेने गए थे। वहीं हिमाचल प्रदेश में लगातार बारिश के कारण भूस्खलन की घटनाएं बढ़ गई हैं। बिलासपुर-सोलन सीमा पर पहाड़ का बड़ा हिस्सा हाईवे पर गिर गया, जबकि शिमला में एक पेड़ मकान पर गिर पड़ा।

राजस्थान के ब्यावर में एक दिन में 9 इंच तक बारिश दर्ज की गई, जबकि गुजरात के तापी जिले में जलभराव और बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। छत्तीसगढ़ के कोरबा में मिनीमाता बांगो डैम के गेट खोल दिए गए हैं।

मौसम विभाग ने लोगों से नदी-नालों से दूर रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

Exit mobile version