रायपुर। छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून की दस्तक अब करीब है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 2 से 3 दिनों में मानसून प्रदेश के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ सकता है। इसके लिए अनुकूल परिस्थितियां बन चुकी हैं। वहीं अगले पांच दिनों तक प्रदेश में गरज-चमक, तेज हवाओं और हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई गई है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 11 जून से प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में और तेजी आ सकती है। इसके प्रभाव से कई जिलों में बादल छाने, गरज-चमक के साथ बारिश होने और तेज हवाएं चलने की संभावना है। सोमवार शाम राजधानी रायपुर और दुर्ग जिले के कई इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। भिलाई सहित आसपास के क्षेत्रों में हुई बारिश से मौसम में बदलाव देखा गया, हालांकि उमस और गर्मी से लोगों को ज्यादा राहत नहीं मिल सकी।
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं हुआ। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार राजनांदगांव प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग ने बुधवार के लिए भी चेतावनी जारी की है। प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके अलावा कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। अगले दो दिनों तक भी मौसम का यही मिजाज बना रह सकता है।
राजधानी रायपुर में आज आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार शहर का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। मानसून की संभावित एंट्री को लेकर किसानों और आम लोगों की निगाहें अब मौसम के अगले अपडेट पर टिकी हुई हैं।
