किसान ने घर की छत पर लगाया सोलर पैनल, बिजली बिल जीरो; ग्रिड को बिजली बेचकर कमाए 9 हजार रुपए

कवर्धा के ओंकार साहू को CM साय ने भेजा ‘विष्णु का पाती’; 1.90 लाख रुपए में लगवाया 3 किलोवाट का प्लांट, मिली 1.08 लाख की सब्सिडी

कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा के एक किसान ने सौर ऊर्जा अपनाकर बिजली बिल से छुटकारा पा लिया है। इतना ही नहीं, घर की जरूरत से ज्यादा बिजली बनाकर ग्रिड को भेज रहे हैं और अब तक करीब 9 हजार रुपए की अतिरिक्त कमाई भी कर चुके हैं।

प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत यह पहल करने वाले रामनगर निवासी किसान ओंकार साहू को दीपावली पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ‘विष्णु का पाती’ भेजकर शुभकामनाएं दी हैं।

मुख्यमंत्री ने पत्र में खेती-किसानी के साथ सौर ऊर्जा अपनाने के उनके प्रयास की सराहना की। उन्होंने लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इस योजना से परिवारों को स्वच्छ ऊर्जा का लाभ मिल रहा है। इससे बिजली खर्च में बचत के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलता है।

1.90 लाख में लगवाया सोलर पैनल, 1.08 लाख की सब्सिडी

ओंकार साहू ने 28 अप्रैल 2025 को अपने घर में 3 किलोवाट क्षमता का सोलर पैनल लगवाया था। इस पर कुल 1 लाख 90 हजार रुपए खर्च हुए। इसमें उन्हें सरकार से 1 लाख 8 हजार रुपए की सब्सिडी मिली।

सोलर पैनल लगने से पहले उनके घर का हर महीने 1 हजार से 1500 रुपए तक बिजली बिल आता था। अब उनका बिजली बिल शून्य हो गया है।

बची हुई बिजली बेचकर भी हो रही कमाई

ओंकार के मुताबिक, सोलर पैनल से घर की जरूरत से ज्यादा बिजली बन रही है। अतिरिक्त बिजली विद्युत ग्रिड में भेजी जा रही है। इसके बदले अब तक करीब 9 हजार रुपए का आर्थिक लाभ मिल चुका है। इस तरह वे बिजली उपभोक्ता होने के साथ उसके उत्पादक भी बन गए हैं।

ओंकार का कहना है कि इस योजना से परिवार को आर्थिक राहत मिली है। सौर ऊर्जा अपनाने से बिजली खर्च बचने के साथ पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने का अवसर भी मिला है। मुख्यमंत्री का दीपावली संदेश मिलना उनके परिवार के लिए गर्व और खुशी की बात है।

↑
Exit mobile version