जोनल स्टेशन पर RPF जवानों की पड़ी नजर; ट्रेन रुकवाकर सुरक्षित उतारा, सुबह 10:30 बजे की घटना
बिलासपुर। चलती मालगाड़ी में एक युवक की जान जोखिम में डालकर सफर करने का मामला सामने आया है। युवक मालगाड़ी के दो वैगन के बीच लगी कपलिंग के ऊपर बैठकर यात्रा कर रहा था।
हैरानी की बात यह है कि वह इसी खतरनाक स्थिति में जोनल स्टेशन तक पहुंच गया। गुरुवार सुबह करीब 10:30 बजे जब मालगाड़ी स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-2 से गुजर रही थी, तभी ड्यूटी पर तैनात रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के जवानों की नजर उस पर पड़ी।
चलते वैगनों के बीच युवक को बैठा देखकर जवान सतर्क हो गए। उन्होंने तत्काल मालगाड़ी रुकवाई और युवक को सावधानी से नीचे उतारा। इसके बाद उसे पकड़कर अपने साथ ले गए। अचानक हुई इस कार्रवाई को देखकर स्टेशन पर मौजूद यात्री और रेलवे कर्मचारी भी हैरान रह गए।
जरा सी चूक से हो सकता था बड़ा हादसा
मालगाड़ी के दो डिब्बों के बीच लगी कपलिंग पर बैठकर सफर करना बेहद खतरनाक है। ट्रेन के चलने के दौरान संतुलन बिगड़ने या जरा सी चूक होने पर युवक नीचे गिर सकता था। ऐसी स्थिति में उसकी जान भी जा सकती थी। RPF जवानों की समय रहते नजर पड़ने से संभावित हादसा टल गया।
कहां से चढ़ा, कितनी दूर किया सफर?
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवक मालगाड़ी में कहां से चढ़ा था और उसने कितनी दूरी इसी तरह तय की। उसकी पहचान और इस तरह सफर करने की वजह को लेकर भी जानकारी सामने नहीं आई है। घटना ने रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। यह भी जांच का विषय है कि युवक मालगाड़ी तक कैसे पहुंचा और रास्ते में किसी की नजर उस पर क्यों नहीं पड़ी। RPF की ओर से मामले की विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।
