देशभर में मानसून ने पकड़ी रफ्तार: राजस्थान-UP में एंट्री की संभावना, गुजरात में भारी तबाही

दिल्ली। देश के कई हिस्सों में मानसून ने तेजी पकड़ ली है। महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ में 20 दिन से ठहरा मानसून अब सक्रिय हो गया है और गुजरात होते हुए राजस्थान की सीमा तक पहुंच गया है। मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को मानसून राजस्थान और उत्तर प्रदेश में प्रवेश कर सकता है। बिहार और झारखंड में मंगलवार को ही मानसून दस्तक दे चुका है।
गुजरात में हालात बिगड़े, 5 लापता
गुजरात के बोटाद और अमरेली जिलों में भारी बारिश के कारण बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। भावनगर में कार नदी में बहने से 5 लोग लापता हो गए हैं। एनडीआरएफ ने राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया है।
झारखंड और बंगाल में रेड अलर्ट
आज झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, असम और मेघालय में भारी बारिश, तेज हवाओं और आंधी का रेड अलर्ट जारी किया गया है। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और कोंकण क्षेत्र में भी भारी बारिश की चेतावनी है।
बिजली गिरने से कई राज्यों में मौतें
मंगलवार को बिजली गिरने की घटनाओं में मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और झारखंड में 15 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई। उत्तर प्रदेश के मथुरा में भारी बारिश के कारण सड़कें तालाब बन गईं। देश में 19 और 20 जून को देश के 13 से ज्यादा राज्यों में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है। दिल्ली, हिमाचल, पंजाब, हरियाणा और उत्तराखंड में भी मौसम बिगड़ने के आसार हैं।