StateNewsदेश - विदेश

मानसून ने पकड़ी रफ्तार, गोवा तक पहुंचा: MP-छत्तीसगढ़ में देरी के आसार; केरल में रेड अलर्ट, स्कूल बंद

नई दिल्ली। तीन दिन की देरी से देश में दस्तक देने के बाद दक्षिण-पश्चिम मानसून अब तेजी से आगे बढ़ रहा है। केरल, तमिलनाडु और कर्नाटक के बड़े हिस्सों को कवर करने के बाद मानसून अब गोवा पहुंच चुका है।

मौसम विभाग के अनुसार मुंबई में भी अगले कुछ दिनों में मानसून के पहुंचने की संभावना है। फिलहाल पणजी, बेंगलुरु, सलेम और पंबन सहित कई क्षेत्रों में लगातार बारिश हो रही है।

इस बीच केरल में भारी से अत्यधिक भारी बारिश को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में कुछ इलाकों में 20 सेंटीमीटर से अधिक वर्षा हो सकती है।

खराब मौसम को देखते हुए वायनाड और कासरगोड जिलों में स्कूलों को बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही पर्यटकों के लिए ट्रेकिंग गतिविधियों, पहाड़ी मार्गों पर रात्रिकालीन यात्रा और खनन संबंधी कार्यों पर अस्थायी रोक लगा दी गई है।

भारतीय मौसम विभाग (IMD) का अनुमान है कि अगले तीन दिनों में मानसून पूर्वोत्तर भारत के राज्यों असम, मेघालय, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, नगालैंड और अरुणाचल प्रदेश के अधिकांश हिस्सों तक पहुंच सकता है। इसके अलावा पश्चिम बंगाल के कुछ क्षेत्रों में भी मानसून सक्रिय होने की संभावना है।

हालांकि मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और ओडिशा के लोगों को मानसून के लिए अभी कुछ और इंतजार करना पड़ सकता है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार इन राज्यों में मानसून की प्रगति बंगाल की खाड़ी में बनने वाले मजबूत मौसमी सिस्टम पर निर्भर करती है। फिलहाल ऐसा कोई प्रभावी सिस्टम सक्रिय नहीं है, जिसके कारण मानसून की रफ्तार इन क्षेत्रों में धीमी पड़ सकती है।

मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि यदि बंगाल की खाड़ी में जल्द कोई कम दबाव का क्षेत्र विकसित होता है तो मानसून फिर से गति पकड़ सकता है। तब मध्य भारत के राज्यों में अच्छी बारिश का दौर शुरू होने की संभावना बनेगी। फिलहाल देश के अधिकांश हिस्सों में मौसम विभाग लगातार निगरानी बनाए हुए है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

Related Articles

Back to top button