मानसून ने पकड़ी रफ्तार: महाराष्ट्र समेत 7 राज्यों में एंट्री, कई जगह भारी बारिश और आंधी का असर जारी

दिल्ली। मानसून ने इस बार देश में रफ्तार पकड़ ली है और महाराष्ट्र समेत 7 राज्यों में इसकी एंट्री हो चुकी है। महाराष्ट्र के समुद्र तटीय शहर देवगढ़ तक मानसून पहुंच गया है और मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिनों में यह पूरे राज्य को कवर कर लेगा। इसी के साथ पूर्वोत्तर के मिजोरम और मणिपुर में भी मानसून सक्रिय हो चुका है।
केरल, कर्नाटक, गोवा और तमिलनाडु के कई जिलों में लगातार भारी बारिश दर्ज की जा रही है, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है। हालांकि तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में मौसम का अलग ही रूप देखने को मिल रहा है, जहां लगातार पांचवें दिन तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार बना हुआ है।
उत्तर भारत में फिलहाल मौसम का मिजाज उल्टा है। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में तेज गर्मी और लू का असर दोबारा बढ़ गया है। कई इलाकों में लू का अलर्ट जारी किया गया है, जिससे लोगों को दिन के समय सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
मध्य प्रदेश और राजस्थान में शनिवार को मौसम ने अचानक करवट ली। भोपाल समेत एमपी के चार जिलों में करीब 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चली। वहीं राजस्थान के बीकानेर में बारिश के साथ ओले गिरने की घटना भी सामने आई। यूपी के मऊ और गाजीपुर में भी हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों में मानसून तेजी से आगे बढ़ेगा और पूर्वोत्तर के सभी राज्यों के साथ पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों तक पहुंच सकता है। हालांकि एमपी, छत्तीसगढ़ और ओडिशा में इसकी रफ्तार थोड़ी धीमी रह सकती है। वहीं देश के कई हिस्सों में अगले 48 घंटों तक आंधी, बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रहने की संभावना है।





