छत्तीसगढ़ में फिर सक्रिय हुआ मानसून: बलरामपुर के कुसमी में 110 MM बारिश, आज भी कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। पिछले 24 घंटे में प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। बलरामपुर और बीजापुर समेत कुछ जिलों में भारी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के मुताबिक, 1 जून से अब तक प्रदेश में सामान्य से 7% कम बारिश हुई है। हालांकि, आने वाले दिनों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे उत्तर ओडिशा के ऊपर एक सिस्टम बना हुआ है। इसके प्रभाव से 9 अगस्त को प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में बारिश हो सकती है। उत्तर छत्तीसगढ़ में कुछ जगहों पर भारी बारिश की संभावना है। इस दौरान गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है।

शनिवार शाम राजधानी रायपुर में तेज बारिश हुई, जो रातभर रुक-रुककर जारी रही। बारिश के कारण शहर के कई इलाकों में सड़कों पर पानी भर गया। इससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। रविवार को भी रायपुर में दिनभर बादल छाए रहने और एक-दो दौर की बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है। अधिकतम तापमान करीब 31°C और न्यूनतम 25°C रह सकता है।

कुसमी में 110 MM बारिश

पिछले 24 घंटे में सबसे ज्यादा 110 MM बारिश बलरामपुर जिले के कुसमी में दर्ज की गई। दौरा कोचली में 90 MM, भोपालपट्टनम और बलरामपुर में 70-70 MM तथा बरमकेला में 60 MM बारिश हुई। रामानुजगंज, कुकदूर, लटोरी, जशपुरनगर, नया बरादवार, चांपा, सरिया, लखनपुर, शिवरीनारायण, सन्ना और पेंड्रा में 50-50 MM बारिश रिकॉर्ड की गई।

दुर्ग सबसे गर्म, पेंड्रा रोड सबसे ठंडा

शनिवार को प्रदेश में सबसे अधिक तापमान दुर्ग में 31.6°C दर्ज हुआ। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रा रोड में 21.4°C रहा। मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहेगी। कुछ स्थानों पर भारी बारिश के साथ बिजली गिरने की भी संभावना है।

विभाग ने लोगों को गरज-चमक और बारिश के दौरान खुले मैदानों तथा पेड़ों के नीचे जाने से बचने की सलाह दी है।

Exit mobile version