छत्तीसगढ़ में फिर सक्रिय हुआ मानसून: अगले 4 दिन तेज बारिश के आसार, भारी वर्षा और वज्रपात का अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विभाग ने 4 अगस्त से अगले चार दिनों तक प्रदेशभर में बारिश की गतिविधियों में तेजी आने का पूर्वानुमान जारी किया है।
अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि उत्तर छत्तीसगढ़ के एक-दो इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश, गरज-चमक और वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई, जिससे इस मानसून सीजन में वर्षा की कमी घटकर सामान्य से केवल 7 प्रतिशत कम रह गई है।
राजधानी रायपुर में मंगलवार को अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 27.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से क्रमशः 3.9 और 3 डिग्री अधिक रहा। शहर में सुबह 0.5 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।
मौसम विभाग के अनुसार, सक्रिय मानसूनी द्रोणिका और दो चक्रवाती परिसंचरण तंत्र के प्रभाव से प्रदेश में लगातार नमी पहुंच रही है। यही कारण है कि अगले चार दिनों तक अधिकांश क्षेत्रों में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा।
बुधवार को रायपुर में दिनभर बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश होने और अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
बारिश के आंकड़ों की बात करें तो पिछले 24 घंटों में शंकरगढ़ में सर्वाधिक 11 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा कुसमी, रतनपुर, सक्ती, भोपालपट्टनम और बेलतरा में 7-7 सेंटीमीटर बारिश हुई।
वहीं सुकमा, बीजापुर, भैरमगढ़, करपावंड, छाल, बरमकेला और सरिया समेत कई अन्य क्षेत्रों में भी अच्छी वर्षा रिकॉर्ड की गई।
मौसम विभाग ने विशेष रूप से उत्तर छत्तीसगढ़ के जिलों में अगले दो से तीन दिनों तक भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई है। लोगों को अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने और मौसम विभाग की एडवाइजरी का पालन करने की सलाह दी गई है।



