अहिवारा, मुंगेली और कांकेर में बनेंगे आधुनिक उद्यान, 7.29 करोड़ मंजूर

रायपुर। छत्तीसगढ़ के शहरों को स्वच्छ, सुंदर और हरित बनाने की दिशा में मिशन अमृत 2.0 के तहत अहिवारा, मुंगेली और कांकेर में आधुनिक उद्यान विकसित किए जाएंगे। तीनों परियोजनाओं के लिए कुल 7 करोड़ 29 लाख 24 हजार रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है। उद्यानों का निर्माण एक साल के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि नगरीय क्षेत्रों में नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। नए उद्यानों में बच्चों के लिए प्ले-एरिया, युवाओं और नागरिकों के लिए ओपन जिम, पैदल चलने के लिए पाथवे, बैठने और विश्राम की व्यवस्था, प्रकाश, टॉयलेट ब्लॉक और गजिबो बनाए जाएंगे। पर्यावरण संरक्षण के लिए रेन वाटर हार्वेस्टिंग की सुविधा भी होगी।
तीनों उद्यानों में कुल 8,732 पौधे लगाए जाएंगे। निर्माण के बाद पांच वर्षों तक चयनित एजेंसी द्वारा इनका संचालन और संधारण किया जाएगा।
अहिवारा में 2.07 करोड़ से उद्यान
अहिवारा नगर पालिका के वार्ड-1 स्थित शीतला मंदिर क्षेत्र में 0.52 एकड़ में उद्यान बनेगा। इसके लिए 2 करोड़ 7 लाख 48 हजार रुपए स्वीकृत हुए हैं। यहां 2,115 पौधे लगाए जाएंगे। सोलर लाइट, बच्चों के खेल उपकरण, ओपन जिम, पाथवे, टॉयलेट, गजिबो और वर्षा जल संचयन की व्यवस्था होगी।
मुंगेली में 3.52 करोड़ का हरित परिसर
मुंगेली के पेंड्राकांपा स्थित महाराणा प्रताप वार्ड में 3.08 एकड़ में उद्यान विकसित होगा। इसके लिए 3 करोड़ 52 लाख 32 हजार रुपए मंजूर किए गए हैं। यहां 4,453 पौधे लगाए जाएंगे। प्ले-एरिया, ओपन जिम, पाथवे, बैठने की व्यवस्था, टॉयलेट, गजिबो, प्रकाश और रेन वाटर हार्वेस्टिंग की सुविधा होगी।
कांकेर में 1.69 करोड़ से बनेगा उद्यान
कांकेर के वार्ड-9 श्रीराम नगर में 0.72 एकड़ में 1 करोड़ 69 लाख 44 हजार रुपए की लागत से उद्यान बनेगा। यहां 2,164 पौधे लगाए जाएंगे। बच्चों के खेल उपकरण, ओपन जिम, पाथवे, सोलर लाइट, टॉयलेट, गजिबो और जल संरक्षण की व्यवस्था की जाएगी।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि इन परियोजनाओं से शहरों में हरित क्षेत्र बढ़ने के साथ नागरिकों को मनोरंजन, व्यायाम और विश्राम के लिए बेहतर सार्वजनिक स्थल मिलेंगे। विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने अधिकारियों को गुणवत्ता और समयसीमा का पालन करते हुए निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए हैं।





