मंत्री बोले- कलेक्टर के आने से अमर की सीट खतरे में; नेताम ने ली चुटकी, कुर्सी विवाद से जुड़ रहे तार

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के कृषि मंत्री रामविचार नेताम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है, जिसमें वे दिग्गज भाजपा विधायक अमर अग्रवाल पर चुटकी लेते नजर आ रहे हैं।
बिलासपुर में आयोजित ‘गोधन योजना’ के उद्घाटन समारोह में नेताम ने मंच से कहा कि “कलेक्टर संजय अग्रवाल इतने लोकप्रिय हो रहे हैं कि कहीं अमर जी की सीट खतरे में न पड़ जाए।”
कुर्सी विवाद की पृष्ठभूमि
मंत्री नेताम के इस बयान को उस पुरानी घटना से जोड़कर देखा जा रहा है, जब पिछले साल राज्य युवा महोत्सव के दौरान विधायक अमर अग्रवाल मंच पर बैठने की व्यवस्था को लेकर नाराज हो गए थे।
उस वक्त उन्हें पीछे की लाइन में जगह दी गई थी, जिस पर उन्होंने कलेक्टर संजय अग्रवाल की ओर नाराजगी भरा इशारा किया था। हालांकि, बाद में सीएम विष्णुदेव साय ने उन्हें खुद फ्रंट लाइन पर बिठाकर मामला शांत कराया था।
तारीफ भी और खिंचाई भी
शनिवार को सेंट्रल यूनिवर्सिटी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जब मंत्री नेताम अधिकारियों का नाम ले रहे थे, तब उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा,कि संजय अग्रवाल यहां (कलेक्टर बनकर) आ गए हैं, तो अमर जी की सीट खतरे में पड़ सकती है।
कलेक्टर जिले में बहुत अच्छा काम कर रहे हैं और जनता के बीच उनकी लोकप्रियता बढ़ रही है। मंत्री की इस बात पर मंच पर मौजूद अन्य नेता और दर्शक ठहाके लगाने लगे। इसे विधायक अमर अग्रवाल की खिंचाई और कलेक्टर की कार्यशैली की सराहना के मेल के रूप में देखा जा रहा है।
गोधन योजना और गौ अभ्यारण्य की सौगात
इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ‘गोधन योजना’ का शुभारंभ किया। इसके तहत प्रदेश के 11 जिलों में 29 ‘गौधाम’ शुरू किए गए हैं। साथ ही, बिलासपुर के जोगीपुर में 184 एकड़ में बनने वाले राज्य के पहले गौ अभ्यारण्य का शिलान्यास भी किया गया। प्रथम चरण में इसके लिए 1.32 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं, जहाँ 2500 पशुओं का संरक्षण होगा।





