सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में कबरा हाथी के कारण प्रभावित परिवारों से पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मस्व मंत्री राजेश अग्रवाल ने मुलाकात की। वे ग्राम झिरमिटी पहुंचे और ग्रामीणों से हाथी के विचरण से हुए नुकसान और उनकी परेशानियों की जानकारी ली। मंत्री ने प्रभावित परिवारों को शासन की ओर से नियमानुसार उचित सहायता दिलाने का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि मानव-हाथी संघर्ष की घटनाओं को रोकना और ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है।
मंत्री अग्रवाल ने परिवारों से चर्चा करते हुए कहा कि हाथियों की आवाजाही से वनांचल क्षेत्रों में रहने वाले ग्रामीणों को कई तरह की मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। ऐसे समय में प्रभावित परिवारों के साथ खड़े रहना और उन्हें समय पर सहायता उपलब्ध कराना शासन की जिम्मेदारी है।
ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए सतर्कता जरूरी
मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार वनांचल क्षेत्रों के लोगों की सुरक्षा और आजीविका के संरक्षण के लिए संवेदनशीलता से काम कर रही है। हाथियों के विचरण वाले क्षेत्रों में ग्रामीणों को समय रहते सूचना देना, जनजागरूकता बढ़ाना और वन विभाग के साथ बेहतर समन्वय जरूरी है।
उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि हाथियों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर सतर्क रहें, उनके नजदीक जाने या उन्हें छेड़ने से बचें और वन विभाग के सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करें।
मानव-हाथी संघर्ष रोकने के लिए दीर्घकालिक उपायों पर जोर
मंत्री अग्रवाल ने कहा कि हाथियों के कारण जनहानि, फसल, मकान और अन्य संपत्तियों को नुकसान पहुंचने की घटनाएं प्रभावित परिवारों के लिए गंभीर चिंता का विषय हैं। ऐसे मामलों में पीड़ितों को आर्थिक सहायता समय पर मिलनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि मानव-हाथी संघर्ष का स्थायी समाधान करने के लिए हाथियों के प्राकृतिक आवास और विचरण मार्गों का संरक्षण भी जरूरी है। इसके साथ ग्रामीण आबादी की सुरक्षा के लिए प्रभावी रणनीति अपनाई जाएगी। मंत्री ने प्रभावित परिवारों को उनकी समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास करने का आश्वासन दिया।
