स्वामित्व योजना में बलरामपुर प्रदेश में अव्वल, 801 ग्रामीणों को मिला मकान का कानूनी अधिकार

रायपुर। छत्तीसगढ़ के आदिवासी बहुल बलरामपुर-रामानुजगंज जिले ने स्वामित्व योजना के क्रियान्वयन में प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर शुरू हुई इस योजना के तहत जिले ने निर्धारित लक्ष्य के मुकाबले शत-प्रतिशत उपलब्धि दर्ज की है।

जिले के 160 गांवों में 801 ग्रामीणों के अधिकार अभिलेख तैयार कर उन्हें सौंप दिए गए हैं। इससे ग्रामीण परिवारों को अपनी आबादी भूमि और मकान के स्वामित्व का कानूनी दस्तावेज मिल गया है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार राजस्व व्यवस्था को पारदर्शी और तकनीक आधारित बनाने पर जोर दे रही है। इसका असर योजना के क्रियान्वयन में भी दिखाई दिया है।

अधीक्षक भू-अभिलेख की 18 नवंबर की रिपोर्ट के अनुसार जिले के 188 गांवों में ड्रोन सर्वे पूरा किया जा चुका है। सर्वे ऑफ इंडिया से मिले 179 गांवों के मैप-1 का भौतिक सत्यापन कर वापस भेजा गया। इसके बाद 160 गांवों के मैप-2 और मैप-3 का अंतिम प्रकाशन किया गया।

इन दस्तावेजों के आधार पर तैयार 801 अधिकार अभिलेखों का डाटा ऑनलाइन अपलोड किया गया। हस्ताक्षर की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी अभिलेख हितग्राहियों को वितरित कर दिए गए हैं। अब वितरण के लिए एक भी अभिलेख लंबित नहीं है।

बैंक से ऋण लेने और कारोबार शुरू करने में मिलेगी मदद

अधिकार अभिलेख मिलने से ग्रामीणों को अपने मकान और जमीन का आधिकारिक प्रमाण मिल गया है। अब वे इसके आधार पर बैंक से ऋण लेकर स्वरोजगार और व्यवसाय शुरू कर सकेंगे। इससे संपत्ति का आर्थिक मूल्य बढ़ने के साथ उत्तराधिकार और जमीन-मकान के लेन-देन से जुड़े विवादों में भी कमी आने की उम्मीद है।

ग्राम विकास की योजना बनाने में मिलेगी मदद

स्वामित्व योजना के तहत ग्राम पंचायतों को आबादी भूमि का व्यवस्थित रिकॉर्ड और जीआईएस आधारित डिजिटल नक्शे भी उपलब्ध हो रहे हैं। इससे सरकारी जमीन की पहचान, अतिक्रमण पर नियंत्रण और विकास कार्यों की बेहतर योजना बनाने में मदद मिलेगी। यह उपलब्धि ग्रामीणों को संपत्ति का अधिकार देने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में भी अहम मानी जा रही है।

↑
Exit mobile version