रायपुर। छत्तीसगढ़ में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने की प्रक्रिया शुरू होने के बीच मुस्लिम समाज की ओर से सुझाव जुटाने की पहल की गई है। इसके लिए रायपुर मुस्लिम समाज द्वारा 1 सितंबर 2026 को एक दिवसीय बैठक आयोजित की जाएगी। छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज ने इसकी जानकारी दी।
बैठक मंगलवार को गुरु घासीदास ऑडिटोरियम, कलेक्ट्रेट चौक, रायपुर में आयोजित होगी। इसमें मुस्लिम समाज के बुद्धिजीवी और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोग UCC को लेकर अपने विचार और सुझाव साझा करेंगे। आयोजकों के मुताबिक रायपुर की मस्जिदों में जुमा के दौरान ऐलान कर समाज के लोगों को बैठक की जानकारी दी गई है।
बैठक में प्राप्त सुझावों को संकलित कर समान नागरिक संहिता समिति, छत्तीसगढ़ के समक्ष रखा जाएगा। इसके जरिए मुस्लिम समाज की ओर से UCC से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर अपना पक्ष और सुझाव समिति तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
दो प्रतियों में सुझाव लाने की अपील
आयोजकों ने समाज के लोगों से अपील की है कि वे UCC से संबंधित अपने सुझाव लिखित रूप में दो प्रतियों में लेकर आएं। सुझाव ‘अध्यक्ष, समान नागरिक संहिता समिति, छत्तीसगढ़’ के नाम संबोधित करने को कहा गया है।
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में शहर काजी कारी डॉ. मोहम्मद इमरान अशरफी और अध्यक्षता वरिष्ठ अधिवक्ता फैसल रिजवी करेंगे। कार्यक्रम में एकत्रित सुझावों को शाम 4 बजे समान नागरिक संहिता समिति, छत्तीसगढ़ के सदस्यों के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
आयोजकों का कहना है कि बैठक का उद्देश्य मुस्लिम समाज के लोगों को UCC पर अपने विचार रखने के लिए मंच उपलब्ध कराना और उनके सुझावों को समिति तक पहुंचाना है।
