बंगाल में पेट्रोकेमिकल्स की नेफ्था पाइपलाइन में भीषण आग: 15 लोग झुलसे, 2 की हालत गंभीर; ट्रेन सेवा भी प्रभावित

दिल्ली। पश्चिम बंगाल के हल्दिया में सोमवार देर रात नेफ्था सप्लाई करने वाली पाइपलाइन में हुए विस्फोट के बाद भीषण आग लग गई। हादसा रात करीब 2:45 बजे हुआ, जिसकी चपेट में हल्दिया नगर पालिका के वार्ड-13 स्थित चिरंजीबपुर इलाके के कई मकान आ गए। घटना में 15 लोग झुलस गए, जबकि दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को हल्दिया सब-डिविजनल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से पांच लोगों को बेहतर इलाज के लिए तमलुक मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
आग पर काबू पाने के लिए 12 से अधिक दमकल वाहनों को लगाया गया। अधिकारियों के अनुसार, आग सबसे पहले हल्दिया पेट्रोकेमिकल्स की नेफ्था पाइपलाइन में लगी और देखते ही देखते आसपास के रिहायशी इलाके तक फैल गई। सुरक्षा कारणों से पूरे क्षेत्र को घेर लिया गया है।
हादसे का असर रेलवे संचालन पर भी पड़ा। आग लगने वाली जगह के पास से हल्दिया-दुर्गाचक रेल लाइन गुजरती है। तेज लपटों से रेलवे की ओवरहेड बिजली लाइन के उपकरण भी क्षतिग्रस्त हो गए, जिसके चलते रेल यातायात रोक दिया गया। दक्षिण पूर्व रेलवे ने बताया कि हल्दिया-हावड़ा लोकल ट्रेन रद्द कर दी गई, जबकि कुछ ट्रेनों का संचालन दुर्गाचक स्टेशन तक सीमित रखा गया।
फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच जारी है। हल्दिया पेट्रोकेमिकल्स ने बयान जारी कर कहा कि कंपनी प्रशासन और प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध करा रही है। शुरुआती जानकारी में घटना का संबंध पाइपलाइन से नेफ्था चोरी की आशंका वाले स्थान से बताया गया है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
कंपनी ने लोगों से पेट्रोलियम पाइपलाइन के आसपास किसी भी तरह की छेड़छाड़ या अवैध गतिविधि से बचने की अपील की है। नेफ्था अत्यधिक ज्वलनशील हाइड्रोकार्बन है, जिसका उपयोग पेट्रोकेमिकल उद्योग में कच्चे माल के रूप में किया जाता है। प्रशासन ने स्थिति पर नजर बनाए रखते हुए प्रभावित इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है।





