नोएडा। उत्तर प्रदेश के नोएडा में शुक्रवार सुबह एक हाईराइज अपार्टमेंट में आग लगने से हड़कंप मच गया।
सेक्टर-75 स्थित आइवी काउंटी सोसाइटी के एक फ्लैट में आग लगने की सूचना मिलते ही पूरे परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग 12वीं मंजिल पर स्थित फ्लैट में लगी, जहां से ऊंची-ऊंची लपटें और काले धुएं का गुबार निकलता दिखाई दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह अचानक फ्लैट की बालकनी से धुआं उठता दिखाई दिया, जिसके बाद कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया।
आग की लपटें दूर से भी दिखाई दे रही थीं, जिससे सोसाइटी में रहने वाले लोगों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया।
सुरक्षा के मद्देनजर सोसाइटी के प्रभावित टावर को तत्काल खाली कराया गया। इसके अलावा आसपास की इमारतों में रहने वाले लोगों को भी एहतियात के तौर पर बाहर निकाल लिया गया।
राहत की बात यह रही कि समय रहते लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
दमकल कर्मियों ने ऊंची इमारत में लगी आग पर काबू पाने के लिए विशेष उपकरणों और हाईड्रोलिक सिस्टम का उपयोग किया। आग को अन्य फ्लैटों तक फैलने से रोकने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि अधिकारी मामले की विस्तृत जांच कर रहे हैं।
पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर मौजूद है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
इस घटना ने एक बार फिर हाईराइज इमारतों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था और आपातकालीन तैयारियों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
