शॉर्ट सर्किट से भड़की आग ने कुछ ही देर में लिया विकराल रूप, दमकल और पुलिस ने पाया काबू
कवर्धा। जिले के पांडातराई नगर में मंगलवार को एक टेंट हाउस और फर्नीचर दुकान में भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। गुप्ता धर्मशाला के पास स्थित दुकान से उठते काले धुएं का घना गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही दमकल और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
जानकारी के मुताबिक, आग लगने की वजह प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। अचानक लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और टेंट हाउस के साथ फर्नीचर दुकान को भी अपनी चपेट में ले लिया। दुकान में बड़ी मात्रा में फर्नीचर, टेंट सामग्री और अन्य सामान रखा हुआ था, जो आग में जलकर खाक हो गया।
घटना के दौरान दुकान के भीतर कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हालांकि आग की लपटें और धुएं का गुबार देखकर आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। स्थानीय नागरिकों ने तुरंत इसकी सूचना दमकल विभाग और पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। पांडातराई पुलिस भी सुरक्षा व्यवस्था संभालने और लोगों को सुरक्षित दूरी पर रखने के लिए मौके पर तैनात रही। काफी देर की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया गया।
इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन दुकान में रखा लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो गया। पुलिस और प्रशासन की टीम नुकसान का आकलन कर रही है। वहीं आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच भी शुरू कर दी गई है।
