शादीशुदा महिला ने महानदी पुल से लगाई छलांग, तलाश जारी

आरंग। रायपुर जिले के आरंग ब्लॉक के ग्राम पारागांव में सोमवार सुबह सनसनीखेज घटना हुई। नेशनल हाईवे 53 पर बने महानदी पुल से एक शादीशुदा महिला ने छलांग लगा दी। घटना की जानकारी मिलते ही आरंग पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और नदी में महिला की तलाश शुरू कर दी है।
आरंग थाना प्रभारी राजेश सिंह ने बताया कि पुल पर महिला की स्कूटी खड़ी मिली है। वहीं रेलिंग में दुपट्टा बंधा हुआ था। इससे महिला की पहचान पारागांव निवासी स्वाति त्रिवेदी (27) के रूप में हुई। हालांकि किसी ने महिला को कूदते हुए नहीं देखा है, लेकिन हालात को देखते हुए आशंका है कि उसने नदी में छलांग लगाई। इसी आधार पर गोताखोरों की टीम नदी में लगातार तलाश कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, स्वाति की शादी दो साल पहले रायपुर निवासी अजय त्रिवेदी से हुई थी। उनका ढाई माह का एक बच्चा भी है। बताया जा रहा है कि वह रक्षाबंधन मनाने अपने मायके पारागांव आई हुई थी। घटना की खबर मिलते ही परिजनों में मातम छा गया। फिलहाल पुलिस जांच कर रही है और गोताखोर महिला की तलाश में जुटे हुए हैं।