शादी के लिए आधार कार्ड मांगने पर भड़का युवक, प्रेमिका के मंगेतर की हत्या की कोशिश; आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में प्रेम प्रसंग और आधार कार्ड को लेकर हुए विवाद में एक युवक पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने युवक की आंखों में मिर्च पाउडर डालकर धारदार हथियार से वार कर दिया। घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया। मामले में जामुल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल धारदार हथियार भी जब्त किया है।

पुलिस के मुताबिक, घटना 15 अक्टूबर 2026 की रात करीब 9:30 बजे की है। प्रार्थी अमित कुमार बंजारे ने जामुल थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बताया गया कि वह अपनी प्रेमिका किरण गुप्ता के साथ आरोपी दीपक गुप्ता के पास पहुंचा था। किरण ने अमित से शादी करने के लिए आधार कार्ड की जरूरत बताते हुए आरोपी से आधार कार्ड मांगा। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया।

नया मकान दिखाने के बहाने ले गया

विवाद के दौरान आरोपी दीपक गुप्ता ने अमित को नया मकान दिखाने की बात कही और उसे शिवपुरी क्षेत्र की ओर ले गया। वहां पहुंचने के बाद आरोपी ने अमित की आंखों में मिर्च पाउडर डाल दिया। इसके बाद उसने हत्या की नीयत से धारदार हथियार से युवक पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से बचने के लिए अमित और किरण ने मौके से भागकर अपनी जान बचाई।

हमले में अमित घायल हो गया। घटना के बाद उसे एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए दुर्ग रेफर किया गया। घटना की शिकायत मिलने पर जामुल पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109(1) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

हथियार जब्त, आरोपी न्यायिक रिमांड पर

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने घायल युवक और गवाहों के बयान दर्ज किए। विवेचना में घटना में इस्तेमाल किए गए धारदार हथियार को जब्त किया गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी दीपक गुप्ता (48), निवासी कैंप-01, जलेबी चौक, दुर्ग को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में प्रेम प्रसंग और आधार कार्ड को लेकर हुए विवाद को हमले की वजह बताया गया है। पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।

↑
Exit mobile version