रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने प्रशासनिक फेरबदल करते हुए कई इंजीनियरों के तबादला आदेश जारी किए हैं। राज्य के अलग-अलग नगर निगम और निकायों में पदस्थ कार्यपालन अभियंताओं और सहायक अभियंताओं को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
जारी आदेश के मुताबिक लाल महेंद्र प्रताप सिंह को नगर निगम रायपुर से स्थानांतरित कर नगर निगम बिलासपुर भेजा गया है। वहीं दिनेश नेताम को कवर्धा से संयुक्त संचालक कार्यालय दुर्ग में पदस्थ किया गया है।
इसी तरह बृजेश श्रीवास्तव को कोण्डागांव से बिलासपुर भेजा गया है। जबकि ललित कुमार त्रिवेदी को बिलासपुर में प्रभारी कार्यपालन अभियंता की जिम्मेदारी दी गई है।
दुर्ग संभाग में भी कई बदलाव किए गए हैं। सी.बी. परगनिहा को दुर्ग से धमतरी स्थानांतरित किया गया है। वहीं हेमन्त कुमार साहू को भिलाई-चरौदा से नगर निगम दुर्ग भेजा गया है। चन्द्रशेखर सारथी को रायगढ़ से नगर पालिका चांपा में नई जिम्मेदारी दी गई है।
इसके अलावा नवा रायपुर में पदस्थ गगन वासन अब नगर निगम जगदलपुर में अपनी सेवाएं देंगे।
वहीं प्रशासनिक कार्यों को गति देने के लिए नगर निगम रिसाली के कार्यपालन अभियंता सुनील दुबे को अतिरिक्त जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। उन्हें वर्तमान कार्यों के साथ संयुक्त संचालक, नगरीय प्रशासन एवं विकास, क्षेत्रीय कार्यालय दुर्ग में अधीक्षण अभियंता का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
सरकार के इस फैसले को नगरीय विकास कार्यों में तेजी लाने और प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
