छत्तीसगढ़ पुलिस में बड़ा फेरबदल: 7 थाना प्रभारी समेत 10 अधिकारियों के तबादले, DGP ने जारी किया आदेश

रायपुर। छत्तीसगढ़ पुलिस विभाग में प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल किया गया है। पुलिस मुख्यालय, नवा रायपुर से जारी आदेश के अनुसार 7 थाना प्रभारियों (निरीक्षक) और 3 उप निरीक्षकों सहित कुल 10 पुलिस अधिकारियों का तबादला किया गया है।

यह आदेश पुलिस स्थापना बोर्ड की अनुशंसा पर पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अरुण देव गौतम ने जारी किया है। सभी स्थानांतरण तत्काल प्रभाव से अगले आदेश तक लागू रहेंगे।

जारी आदेश के अनुसार निरीक्षक लक्ष्मण भगत को राजनांदगांव से जशपुर, सतीश कुमार साहू को मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी से बिलासपुर, नसीमुद्दीन खान को सूरजपुर से बलौदाबाजार-भाटापारा और अजय कुमार साहू को बलरामपुर-रामानुजगंज से बिलासपुर भेजा गया है।

इसी तरह अमित कुमार बेरिया को दंतेवाड़ा से पुलिस मुख्यालय, नवा रायपुर के प्रशासन अकादमी एवं विशेष इकाई (अअवि) में पदस्थ किया गया है। प्रेम प्रकाश अवधिया को कांकेर से रायपुर ग्रामीण तथा सुनील दुबे को बीजापुर से कांकेर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

उप निरीक्षकों में गणेश यादव का तबादला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी से सरगुजा, अमित गुप्ता का मुंगेली से सूरजपुर और वीणा साहू का रायगढ़ से पुलिस मुख्यालय, नवा रायपुर किया गया है।

पुलिस मुख्यालय ने स्पष्ट किया है कि सभी तबादले प्रशासनिक आवश्यकता और कानून-व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से किए गए हैं। संबंधित अधिकारियों को तत्काल अपने नए पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस विभाग में हुए इस फेरबदल को प्रशासनिक कार्यों में गति लाने और विभिन्न जिलों में पुलिस व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। विभागीय अधिकारियों का मानना है कि नई पदस्थापनाओं से पुलिसिंग में बेहतर समन्वय और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिलेगी।

↑
Exit mobile version