छत्तीसगढ़ में 10 ट्रेनें रद्द, 11 देरी से चलेंगी; चांपा में काम के चलते 27 ट्रेनों पर असर

रायपुर। छत्तीसगढ़ में दिसंबर के दूसरे सप्ताह रेल यात्रियों की परेशानी बढ़ सकती है। बिलासपुर-झारसुगुड़ा चौथी रेल लाइन को चांपा स्टेशन से जोड़ने और नैला में ऑटो सिग्नलिंग का काम किया जाएगा।

इसके लिए रेलवे ने 6 से 18 दिसंबर तक अलग-अलग तारीखों में 10 ट्रेनों को रद्द करने, 11 ट्रेनों को देरी से चलाने और छह ट्रेनों का परिचालन बीच में समाप्त करने का निर्णय लिया है। कुल 27 ट्रेनों का संचालन प्रभावित होगा।

चौथी रेल लाइन का काम अंतिम चरण में

बिलासपुर-झारसुगुड़ा के बीच 206 किलोमीटर लंबी चौथी रेल लाइन परियोजना का काम अंतिम चरण में है। चांपा-नैला के बीच लाइन बिछाई जा चुकी है। अब चांपा स्टेशन को चौथी लाइन से जोड़ने के लिए नॉन-इंटरलॉकिंग का काम होगा। साथ ही चांपा-जांजगीर-नैला सेक्शन में ऑटो सिग्नलिंग सिस्टम लगाया जाएगा।

रेलवे के मुताबिक, इस परियोजना से व्यस्त रेल कॉरिडोर की क्षमता बढ़ेगी। इससे यात्री और मालगाड़ियों का परिचालन बेहतर होगा और ट्रेनों की समयबद्धता में सुधार आएगा।

बिलासपुर से चलेंगी छत्तीसगढ़ और गोंडवाना एक्सप्रेस

काम के चलते 7 से 18 दिसंबर तक छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस कोरबा के बजाय बिलासपुर से शुरू होगी। लिंक एक्सप्रेस भी बिलासपुर में समाप्त और यहीं से रवाना होगी।

गोंदिया-झारसुगुड़ा मेमू भी बिलासपुर तक ही चलेगी। 10 और 12 दिसंबर को निजामुद्दीन-रायगढ़ गोंडवाना एक्सप्रेस बिलासपुर में समाप्त होगी, जबकि 12 और 14 दिसंबर को रायगढ़ से चलने वाली गोंडवाना एक्सप्रेस बिलासपुर से रवाना होगी।

कोरबा-रायपुर हसदेव एक्सप्रेस 7 से 18 दिसंबर तक कोरबा-बिलासपुर के बीच पैसेंजर ट्रेन की तरह चलेगी।

उत्कल एक्सप्रेस 9 घंटे तक लेट

प्रभावित ट्रेनों में पुणे-हावड़ा आजाद हिंद एक्सप्रेस 3 घंटे, सीएसएमटी-हावड़ा एक्सप्रेस ढाई घंटे और ऋषिकेश-पुरी उत्कल एक्सप्रेस 9 घंटे तक देरी से चलेगी। रेलवे ने यात्रियों से यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति और समय-सारणी की जानकारी लेने की अपील की है।

↑
Exit mobile version