रायपुर में इलेक्ट्रॉनिक दुकान में भीषण आग, 22 लाख का सामान जलकर खाक

रायपुर। रायपुर के डीडी नगर थाना क्षेत्र के रायपुरा स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक दुकान में आग लगने से करीब 22 लाख रुपए का सामान जलकर नष्ट हो गया। घटना 5 नवंबर की सुबह खल्लारी चौक पर सीजी ग्रीन मैरिज पैलेस के सामने संचालित नारा सेल्स रायपुर में हुई। आग की चपेट में आने से एलईडी टीवी, वाटर प्यूरीफायर, बल्ब, एसी, कूलर, सीलिंग फैन समेत कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण क्षतिग्रस्त हो गए। आग लगने की वजह बिजली का शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है।
दुकान संचालक नंदकिशोर ठाकरे (37) ने डीडी नगर थाने में घटना की शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 4 नवंबर की रात करीब 10:30 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। उस समय सब कुछ सामान्य था। अगले दिन सुबह करीब 5:40 बजे दुकान के मालिक एचएल सिंह ने फोन कर बताया कि दुकान से धुआं निकल रहा है और अंदर आग लगी हुई है।
सुबह 6 बजे पहुंचे संचालक, तब तक जल चुका था सामान
आग की सूचना मिलने पर दुकान के पास रहने वाले संजय सिंह ने डायल 112 और फायर ब्रिगेड को फोन किया। दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। सुबह करीब 6 बजे नंदकिशोर ठाकरे दुकान पहुंचे, तब तक अंदर रखा काफी सामान जल चुका था। दमकल कर्मियों ने मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
संचालक के मुताबिक, दुकान में रखे इलेक्ट्रॉनिक सामान की कीमत करीब 22 लाख रुपए थी। आग से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। पुलिस को दी गई शिकायत में उन्होंने शॉर्ट सर्किट को आग की वजह बताया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।





