ऑनलाइन सट्टा गिरोह पर बड़ी कार्रवाई: मुंबई-ओडिशा में छापे, 20 आरोपी गिरफ्तार, 3 पैनल नेटवर्क ध्वस्त

रायपुर। रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मुंबई और ओडिशा के भवानीपटना में छापेमारी कर 20 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में 3 बड़े सट्टा पैनल नेटवर्क को ध्वस्त किया गया है, जो पिछले एक साल से आईपीएल समेत अन्य मैचों पर ऑनलाइन सट्टा चला रहे थे।

पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला की निगरानी में एंटी क्राइम और साइबर यूनिट ने गंज थाना क्षेत्र से कार्रवाई शुरू की। 13 अप्रैल को रेलवे स्टेशन के पास एक कार में बैठे आरोपी मनदीप सिंह को पकड़कर पूछताछ की गई, जिससे पूरे नेटवर्क का खुलासा हुआ। इसके बाद टीम ने मुंबई, भवानीपटना और दुर्ग में एक साथ रेड की।

मुंबई में बजरंग ग्रुप एप चलाने वाले गिरोह से 9 आरोपी गिरफ्तार हुए, जबकि ओडिशा के भवानीपटना में रेड्डी बुक पैनल संचालित करने वाले 7 आरोपी पकड़े गए। दुर्ग से भी 2 मुख्य संचालकों को गिरफ्तार किया गया। रायपुर से मनदीप सिंह और कमलेश देवांगन पहले ही पकड़े जा चुके थे।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10 लैपटॉप, 87 मोबाइल फोन, 72 एटीएम कार्ड, 23 सिम कार्ड, 3 एलईडी, 3 वाईफाई राउटर, 3 चेकबुक, एक पासबुक और करीब 1.95 लाख रुपए नगद जब्त किए हैं। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 60 लाख रुपए बताई जा रही है।

जांच में सामने आया कि आरोपी म्यूल खातों का इस्तेमाल कर सट्टे की रकम का लेन-देन करते थे। बैंक खातों की जांच में करोड़ों रुपए के ट्रांजेक्शन का खुलासा हुआ है। पुलिस अब खाताधारकों की पहचान कर उन्हें भी गिरफ्तार करने की तैयारी में है।

आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है और नेटवर्क से जुड़े वित्तीय लेन-देन की गहन जांच जारी है।

Exit mobile version