महासमुंद में अवैध रेत उत्खनन पर बड़ी कार्रवाई: 2 चैन माउंटेन मशीन सील, 7 वाहन जब्त

महासमुंद। महासमुंद जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। संयुक्त जांच टीम ने जोंक नदी में चल रहे अवैध खनन का खुलासा करते हुए दो चैन माउंटेन मशीनों को सील कर दिया। वहीं मौके से 3 हाईवा और 4 ट्रैक्टर भी जब्त किए गए हैं।

खनिज साधन विभाग के मुताबिक राज्य सरकार के निर्देश पर अवैध खनन के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 22 मई 2026 को केंद्रीय खनिज उड़नदस्ता और जिला स्तरीय खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने महासमुंद जिले की पिथौरा तहसील अंतर्गत ग्राम बल्दीडीह में औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान जोंक नदी में दो चैन माउंटेन मशीनें अवैध रूप से रेत उत्खनन करती मिलीं।

टीम ने मौके पर मौजूद लोगों से खनन और परिवहन से जुड़े दस्तावेज मांगे, लेकिन वे कोई वैध अनुमति, अभिवहन पास या अन्य जरूरी कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। जांच में यह भी सामने आया कि स्वीकृत रेत खदान क्षेत्र के बाहर उत्खनन किया जा रहा था।

कार्रवाई के दौरान विभाग ने तत्काल अवैध खनन बंद कराया और खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21 के तहत दोनों मशीनों को जब्त कर सील कर दिया। फिलहाल मशीनों को खदान मुंशी की सुपुर्दगी में रखा गया है। साथ ही संबंधित खदान संचालक को नोटिस जारी किया गया है।

इसके अलावा अवैध परिवहन में लगे 3 हाईवा और 4 ट्रैक्टरों को जब्त कर साकरा थाना परिसर में खड़ा कराया गया है। खनिज विभाग के अधिकारियों का कहना है कि अवैध उत्खनन और परिवहन के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Exit mobile version