बलौदा बाजार। बलौदाबाजार जिले के भाटापारा विकासखंड स्थित ग्राम करहीबाजार में आयोजित सुशासन तिहार-2026 के समाधान शिविर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने क्षेत्रवासियों को कई विकास कार्यों की सौगात दी। इस दौरान उन्होंने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों से संवाद कर योजनाओं के जमीनी असर की जानकारी भी ली।
मुख्यमंत्री ने ग्राम करहीबाजार में सर्व समाज के लिए 25 लाख रुपए की लागत से सांस्कृतिक भवन और सुकालू के घर से सिद्ध बाबा मार्ग तक सीसी रोड निर्माण की घोषणा की। इसके अलावा करहीबाजार और कोदवा के हायर सेकेंडरी स्कूलों में भवन निर्माण की भी घोषणा की गई। वहीं विटकुली में मांगलिक भवन और कई पंचायतों में सीसी रोड निर्माण के लिए राशि स्वीकृत की गई।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने मां महामाया मंदिर में पूजा-अर्चना की और महिला स्व-सहायता समूहों से मुलाकात कर उनके कार्यों की सराहना की। उन्होंने आयुष्मान आरोग्य मंदिर पहुंचकर धात्री माताओं को किट वितरित की। साथ ही विभिन्न विभागों के स्टॉलों का अवलोकन कर हितग्राहियों से चर्चा की।
मुख्यमंत्री ने फुटबॉल खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाया और “हम होंगे कामयाब 2.0” पोर्टल का शुभारंभ किया। ग्रामीणों ने पारंपरिक खुमरी पहनाकर उनका स्वागत किया। कार्यक्रम में नवजात बच्चों का अन्नप्राशन कराया गया और सड़क सुरक्षा के लिए हेलमेट भी वितरित किए गए।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने “मोर गांव मोर पानी अभियान 2.0” के तहत सोखता पिट निर्माण में श्रमदान कर जल संरक्षण का संदेश दिया। हितग्राहियों ने भी योजनाओं से मिले लाभ साझा किए। किसी ने आवास मिलने पर खुशी जताई तो किसी ने महतारी वंदन योजना और स्वामित्व पट्टा योजना से मिली राहत के लिए सरकार का आभार व्यक्त किया।
