अवैध खनिज कारोबार पर बड़ी कार्रवाई: कोयला और रेत ढो रहे 8 वाहन जब्त, वाहन मालिकों पर केस दर्ज

खनिज विभाग का विशेष अभियान, 5 टन अवैध कोयला भी पकड़ा गया; पुलिस थानों में रखे गए जब्त वाहन
सूरजपुर। छत्तीसगढ़ में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सूरजपुर जिले में खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभाग की टीम ने अवैध रूप से कोयला और रेत परिवहन कर रहे 8 वाहनों को जब्त कर वाहन मालिकों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। कार्रवाई मुख्यमंत्री के सुशासन और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के संकल्प के तहत जिला प्रशासन की निगरानी में की गई।
जानकारी के अनुसार, कलेक्टर रेना जमील के निर्देश पर खनिज विभाग, जिला स्तरीय टास्क फोर्स और खनिज अमले द्वारा खनन प्रभावित क्षेत्रों में लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में 7 जून को तहसील सूरजपुर अंतर्गत ग्राम पचिरा-मानी चौक मार्ग पर विशेष जांच की गई।
जांच के दौरान ग्राम बेलटिकरी के पास अवैध रूप से कोयला परिवहन करते हुए 6 मोटरसाइकिलों को पकड़ा गया। इन वाहनों से करीब 5 टन कोयला जब्त किया गया। जब्त कोयला और वाहनों को सुरक्षा की दृष्टि से सूरजपुर थाना परिसर में रखा गया है।
इसके अलावा खनिज विभाग ने ग्राम राजापुर, हर्राटिकरा और आसपास के क्षेत्रों में अवैध रेत परिवहन के खिलाफ भी कार्रवाई की। विभाग ने 3 टिपर वाहनों के मालिकों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई शुरू की है।
वहीं 8 जून को राजापुर रेत खदान क्षेत्र के औचक निरीक्षण के दौरान अवैध रेत परिवहन में लगे 2 अन्य टिपर वाहनों को भी जब्त किया गया। इन वाहनों और खनिज सामग्री को जयनगर थाना के सुपुर्द किया गया है।
खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। प्रशासन का कहना है कि प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा, राजस्व हानि रोकने और अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए नियमित निरीक्षण और सघन जांच अभियान आगे भी चलाए जाएंगे।



