कॉपी जांच में लापरवाही पर बड़ी कार्रवाई: 30 शिक्षक 3 साल के लिए ब्लैकलिस्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) ने हायर सेकेंडरी परीक्षा 2025 की उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन में लापरवाही बरतने वाले 30 शिक्षकों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। मंडल ने सभी संबंधित शिक्षकों को अगले तीन वर्षों के लिए ब्लैकलिस्ट कर दिया है। इसके साथ ही उनकी एक वेतन वृद्धि संचयी प्रभाव से रोकने की भी अनुशंसा की गई है।

जानकारी के मुताबिक, पुनर्मूल्यांकन के दौरान कई छात्रों के अंकों में 20 से 40 नंबर तक की बढ़ोतरी सामने आई थी। इतनी बड़ी त्रुटि मिलने के बाद मंडल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कराई। जांच में मूल्यांकन कार्य में लापरवाही और अंक देने में गंभीर गड़बड़ी सामने आने पर यह कार्रवाई की गई।

माशिमं द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि संबंधित शिक्षकों ने उत्तरपुस्तिकाओं की जांच में आवश्यक सावधानी नहीं बरती, जिससे छात्रों के परिणाम प्रभावित हुए। मंडल ने इसे शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता से जुड़ा गंभीर मामला माना है।

बताया जा रहा है कि जिन शिक्षकों पर कार्रवाई हुई है, उन्हें अब अगले तीन वर्षों तक मंडल के किसी भी परीक्षा या मूल्यांकन संबंधी कार्य में शामिल नहीं किया जाएगा। साथ ही विभागीय स्तर पर भी उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की सिफारिश की गई है।

माध्यमिक शिक्षा मंडल का कहना है कि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखने के लिए इस तरह की सख्त कार्रवाई जरूरी है। मंडल ने स्पष्ट किया है कि छात्रों के भविष्य से जुड़ी किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इस फैसले के बाद शिक्षकों के बीच हड़कंप मच गया है। वहीं अभिभावकों और छात्रों ने मंडल की कार्रवाई को उचित बताते हुए निष्पक्ष मूल्यांकन की मांग की है।

Exit mobile version