ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

रायपुर के मंदिर हसौद में खनिज विभाग का बड़ा एक्शन: अवैध खनन पर 4 क्रेशर प्लांट सील

रायपुर। राजधानी रायपुर के आरंग विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत मंदिर हसौद तहसील में अवैध उत्खनन और नियमों की अनदेखी करने वाले क्रेशर संचालकों के खिलाफ खनिज विभाग ने कड़ी कार्रवाई की है। विभाग की टीम ने क्षेत्र के विभिन्न गांवों में औचक दबिश देकर अनियमितताएं पाए जाने पर 4 क्रेशर प्लांटों को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया है।

इन गांवों में हुई छापेमारी
सहायक खनिज अधिकारी उमेश भार्गव और खनिज निरीक्षक स्तुति निगम के नेतृत्व में खनिज विभाग की टीम ने नरदहा, धनसुली और खपरी गांवों में औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान पाया गया कि कई खदान संचालक निर्धारित मानकों से अधिक गहराई तक खुदाई कर रहे थे। इसके अलावा, बिना अनुमति के प्लांट का विस्तार और पर्यावरणीय नियमों का खुला उल्लंघन भी सामने आया।

इन संचालकों पर गिरी गाज
जांच रिपोर्ट के आधार पर विभाग ने निम्नलिखित संचालकों की क्रेशर यूनिट्स को सील करने की कार्रवाई की है। जिन संचालको के यहां कार्रवाई हुई उनका नाम श्रीचंद प्रीतवानी, शैलेंद्र चौरसिया, महादेव माइनिंग (संचालक महेश प्रीतवानी), निमेश कुमार चेलक बताया जा रहा है।

नियमों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं: विभाग
खनिज विभाग के अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में अवैध उत्खनन को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं। विभाग की प्राथमिकता नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करना है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जांच प्रक्रिया अभी जारी रहेगी और जहां भी नियमों का उल्लंघन पाया जाएगा, वहां नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button