वीडियो सामने आने के बाद पिता ने लगाया हत्या की कोशिश का आरोप; 21 दिन से अस्पताल में भर्ती, अब भी कोमा में
लखनऊ। सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र में 1 सितंबर को हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल युवती के मामले में नया मोड़ आया है। युवती के परिवार ने उसके लिव-इन पार्टनर पर उसे चलती गाड़ी से धक्का देने और जान से मारने की कोशिश का आरोप लगाया है। हादसे के बाद सामने आए एक वीडियो के आधार पर परिवार ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
घटना रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है। परिवार के मुताबिक, हादसे के समय युवती अपने लिव-इन पार्टनर के साथ थी। युवक ने घटना की जानकारी परिवार को करीब सुबह 4 बजे दी। परिजन जब लखनऊ पहुंचे तो उनका आरोप है कि युवक उन्हें लगातार गुमराह करता रहा। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया।
वीडियो में हाथ जोड़ती दिखी युवती
परिजनों ने बताया कि शुरुआत में उन्होंने इसे सड़क हादसा मानकर युवती का इलाज शुरू कराया। इसी दौरान परिवार के हाथ एक वीडियो लगा। वीडियो में युवती अपने पार्टनर के सामने हाथ जोड़कर कुछ कहती दिखाई दे रही है। परिवार का आरोप है कि वह युवक से मदद की गुहार लगा रही थी, लेकिन उसने उसकी बात नहीं मानी।
वीडियो सामने आने के बाद युवती के पिता सुशांत गोल्फ सिटी थाने पहुंचे और पार्टनर के खिलाफ शिकायत दी। पिता ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी को जान से मारने की साजिश के तहत चलती गाड़ी से धक्का दिया गया।
पिता बोले-21 दिन से बेटी अस्पताल में
युवती के पिता का कहना है कि घटना को 21 दिन बीत चुके हैं। उनकी बेटी की हालत अब भी गंभीर है और वह कोमा में है। पिता का आरोप है कि शिकायत के बावजूद पुलिस ने शुरुआत में मामले में अपेक्षित कार्रवाई नहीं की और उन्हें टालती रही।
परिवार अब वीडियो और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की जांच और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहा है। पुलिस की जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि युवती के साथ वास्तव में क्या हुआ और हादसा था या जानबूझकर उसे गाड़ी से गिराया गया।
