ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

आकाशीय बिजली का कहर, महिला की मौत; 11 घायल, प्रदेश में 5 दिन तेज हवाओं और बारिश का अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज लगातार बदला हुआ है। प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश का दौर जारी है।

मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक राज्य के विभिन्न जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, आकाशीय बिजली गिरने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई है। इसके चलते लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

इसी बीच दंतेवाड़ा जिले से एक दुखद घटना सामने आई है। जिले के चंदेनार क्षेत्र में आयोजित एक जात्रा (मेला) के दौरान मंगलवार शाम आकाशीय बिजली गिरने से 12 ग्रामीण इसकी चपेट में आ गए।

हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि 11 अन्य लोग घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

प्रशासन ने मृतक महिला के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए आवश्यक सहायता देने की बात कही है।

वहीं कोरबा जिले में तेज अंधड़ और हवाओं के कारण कई स्थानों पर पेड़ गिरने की घटनाएं सामने आई हैं। इससे कुछ क्षेत्रों में यातायात प्रभावित हुआ और बिजली आपूर्ति भी बाधित हुई।

स्थानीय प्रशासन और विद्युत विभाग की टीमों ने प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं मरम्मत कार्य शुरू कर दिया है।

मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन इसके बाद तापमान में कोई विशेष परिवर्तन नहीं होगा।

पिछले 24 घंटों के दौरान राजनांदगांव में प्रदेश का सर्वाधिक तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पेंड्रा रोड सबसे ठंडा क्षेत्र रहा, जहां न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। सुकमा जिले में 2 सेंटीमीटर वर्षा भी दर्ज की गई है।

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button